कोरोना:13 विपक्षी नेताओं ने जारी किया साझा बयान, मोदी सरकार से पूरे देश में फ्री टीकाकरण की मांग
13 विपक्षी नेताओं की सरकार से पूरे देश में फ्री टीकाककण की मांग
नई दिल्ली, 3 मई: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और तीन मुख्यमंत्रियों समेत विपक्ष के 13 प्रमुख नेताओं ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से आग्रह किया है कि देश में सभी को कोरोना वैक्सीन फ्री दी जाए। 13 नेताओं ने अपने साझा बयान में कहा है कि देश में कोरोना के जो हालात हैं, उनके मद्देनजर जल्दी से जल्दी सभी को वैक्सीन दिए जाने की जरूरत है। ऐसे में केंद्र सरकार पूरे देश में मुफ्त टीकाकरण कार्यक्रम तुरंत शुरू करे और सभी को वैक्सीन दे।

विपक्षी नेताओं ने अपने बयान में कहा है कि वैक्सीन जितनी महंगी है, उसको देखते हुए राज्यों पर ये एक भार हो जाएगा। ऐसे में देश में फ्री टीकाकरण के लिए 35,000 करोड़ रुपए के बजट का आवंटन हो। इसके साथ ही विपक्षी नेताओं ने देश में अस्पतालों में ऑक्सीजन और कोरोना में इस्तेमाल हो रही दवाओं की कमी की ओर भी केंद्र सरकार से ध्यान देने का आग्रह करते हुए कहा कि अस्पतालों में ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें।
ये बयान कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी, पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, द्रमुक नेता एमके स्टालिन, बसपा प्रमुख मायावती, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, भाकपा महासचिव डी राजा और माकपा महासचिव सीताराम येचुरी की ओर से जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications