पर्यटन स्थलों की सूची से ताजमहल गायब, गोरखनाथ मठ हुआ शामिल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के पर्यटन स्थलों की बुकलेट जारी की है। जिसमें सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि इस बुकलेट में ताजमहल का नाम नहीं शामिल है। जबकि मुख्यमंत्री आदित्यनात के गृह जनपद स्थित गोरखधाम मंदिर को जगह दी गई है। अंग्रेजी समाचार चैनल टाइम्स नाउ की ओर से जारी किए गए बुकलेट में दो पन्ने सिर्फ गोरखधाम मंदिर को दिए गए हैं। वहीं बुकलेट के पहले पन्ने पर गंगा आरती और फिर दूसरे पन्ने पर सीएम आदित्यनाथ और मंत्री रीता बहुगुणा जोशी की तस्वीर लगी है। इसके साथ ही बुकलेट में पर्यटन विकास योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई है। गौरतलब है कि ताजमहल को लेकर योगी सरकार अक्सर सुर्ख़ियों में रही है। बीते ही दिनों सरकार ने ताजमहल को यूपी की सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल नहीं किया था। वहीं इससे पहले सीएम आदित्यनाथ ने कहा था कि विश्व में सबसे लोकप्रिय मुगल-काल के स्मारक ताजमहल को भारतीय संस्कृति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। योगी ने कहा था कि यह भारत की पहचान नहीं है।

यह विवाद उठने के बाद रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि राज्य सरकार विश्व विख्यात ताजमहल और उससे जुड़े पर्यटक स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ताजमहल और आगरा का विकास भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
आगरा में अवस्थापना सुधार और ताजमहल एवं उसके आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 156 करोड़ रुपए की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। जोशी ने कहा कि आगरा को स्मार्ट सिटी मिशन के तहत विकसित कराया जा रहा है। पर्यटन मानचित्र पर आगरा को एक नई पहचान मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications