सोनिया गांधी बनी रहेंगी कांग्रेस की नेता, CWC की बैठक में हुआ फैसला
नई दिल्ली, 13 मार्च: पांच राज्यों से हाल ही में सामने आए चुनाव परिणामों में कांग्रेस को करारी हार मिली है। ऐसे में रविवार को दिल्ली में हार पर मंथन करने के लिए सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यसमिति (Congress Working Committee) की बैठक की गई, जो लंबी मंत्रणा के बाद संपन्न हो गई। बैठक में फैसला किया गया कि पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ही कांग्रेस का नेतृत्व करेंगी।
Recommended Video

कांग्रेस पार्टी की कार्यसमिति की बैठक के बाद कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी कांग्रेस का नेतृत्व करेंगी और भविष्य में भी वही निर्णय लेंगी। हम सभी को उनके नेतृत्व पर भरोसा है।
वहीं कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी बयान में बताया गया कि पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव सहित आगामी चुनावों में चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सीडब्ल्यूसी ने सर्वसम्मति से सोनिया गांधी के नेतृत्व पर अपने विश्वास जताया और उनसे सामने से नेतृत्व करने का आग्रह किया है।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने भाषण में कहा कि अगर पार्टी को लगता है कि हम तीनों (खुद, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा) इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं, लेकिन सीडब्ल्यूसी ने सर्वसम्मति से इसे खारिज कर दिया।
बैठक में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सलमान खुर्शीद और अंबिका सोनी एआईसीसी कार्यालय में सीडब्ल्यूसी की बैठक में शामिल हुए। बता दें कि पंजाब में जहां कांग्रेस की सरकार थी, उसका मुकाबला आम आदमी पार्टी से था, यहां कुल 117 सीटों में से सिर्फ 18 सीटें ही कांग्रेस हासिल कर पाई, जबकि उत्तर प्रदेश में चुनावी प्रचार की कमान खुद पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के हाथों में थी। वहां कुल 403 सीटों में से कांग्रेस के खाते में महज दो सीटें आईं। इसके अलावा उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा।
इससे पहले रविवार को ही कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक के लिए कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, आनंद शर्मा, के. सुरेश और जयराम रमेश दिल्ली के 10 जनपथ पहुंचे, जहां खड़गे और कांग्रेस के अन्य सांसदों ने संसद के एजेंडे पर चर्चा करने के लिए सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया था कि मीटिंग में आने वाले सत्र में कांग्रेस किन मुद्दों को उठाएगी इस पर चर्चा हुई। विपक्षी पार्टियों को साथ लेकर हम मुद्दे उठाने की कोशिश करेंगे, जिसमें यूक्रेन में फंसे भारतीय, बेरोजगारी, MSP व अन्य मुद्दे होंगे।












Click it and Unblock the Notifications