कांग्रेस ने नीतीश कुमार को दिया ऑफर, कहा- BJP छोड़ें तो महागठबंधन में साथ पर करेंगे विचार
Recommended Video

नई दिल्ली। बिहार में राजनीति रोजाना एक नया रुप ले रही है। इसी बीच कांग्रेस ने नीतीश कुमार को गठबंधन में शामिल होने का ऑफर दिया है। कांग्रेस ने कहा है कि अगर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बीजेपी का साथ छोड़ने का फैसला करते हैं तो उन्हें महागठबंधन में वापस लेने के लिए वह सहयोगी दलों के साथ विचार करेगी। बता दे कि, 2019 के आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर राज्य में एनडीए गठबंधन में घमासान छिड़ा हुआ है। कुछ दिनों पहले नीतीश कुमार विशेष राज्य के दर्जे की मांग को लेकर दोबारा मुखर होते दिख रहे थे। रविवार को भी नीति आयोग की बैठक में उन्होंने इस मांग को उठाया।

नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी में तुलना नहीं हो सकती
कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने रामविलास पासवान और उपेंद्र कुशवाहा का जिक्र करते हुए यह दावा भी किया कि बिहार में यह आम धारणा बन चुकी है कि नरेंद्र मोदी सरकार 'पिछड़े और अतिपिछड़े वर्गों के खिलाफ' है, ऐसे में पिछड़ों और अतिपिछड़ों की राजनीति करने वालों के पास भाजपा का साथ छोड़ने के सिवाय कोई दूसरा विकल्प नहीं है। गोहिल ने कहा कि, नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी में तुलना नहीं हो सकती । राहुल जी सच की लड़ाई लड़ रहे हैं। आने वाले चुनाव में देश की जनता राहुल गांधी के नेतृत्व में मोदी जी को हराएगी।

अभी नीतीश कुमार फासीवादी बीजेपी के साथ हैं
गोहिल ने कहा, 'अभी नीतीश कुमार फासीवादी बीजेपी के साथ हैं। हमें नहीं पता कि उनकी क्या मजबूरी है कि उनके साथ चले गए। दोनों का साथ बेमेल है।' जब मीडिया ने उनसे पूछा कि अगर नीतीश फिर से महागठबंधन में वापसी का मन बनाते हैं तो कांग्रेस का क्या रुख होगा तो उन्होंने कहा, 'अगर ऐसी कोई संभावना बनती है तो हम अपने सहयोगी दलों के साथ बैठकर इस पर जरूर चर्चा करेंगे।'

राजग तो डूबेगा ही, साथ में नीतीश को भी डूबना पड़ेगा
गोहिल ने कहा कि, जिसको भी पिछड़ों और अतिपिछड़ों की राजनीति करनी है तो उसे राजग से अलग होना पड़ेगा। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो राजग तो डूबेगा ही, साथ में उनको भी डूबना पड़ेगा। कांग्रेस सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है। उसका नेतृत्व होना स्वाभाविक है। वैसे, हमारा इतिहास रहा है कि हम अहंकार के साथ नहीं चलते। हम सहयोगियों के साथ मिलकर चलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications