संजय निरुपम बोले, यही सब चलता रहा तो छोड़ दूंगा कांग्रेस
Recommended Video
नई दिल्ली। मुंबई कांग्रेस के पूर्व प्रमुख संजय निरुपम ने पार्टी आलाकमान से खुलकर नाराजगी जाहिर की है। संजय निरुपम ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अभी तक वो पार्टी में रहने की ही सोच रहे हैं लेकिन जो हालात हैं उनमें सुधार नहीं हुआ तो वो कांग्रेस छोड़ देंगे। संजय ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर एतराज जताया है और चुनाव प्रचार ना करने की बात कही है।

संजय निरुपम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, कांग्रेस पार्टी में योग्य लोगों के साथ न्याय नहीं किया गया। पार्टी को संघर्ष करने वाले लोगों की जरूरत नहीं है। दिल्ली में बैठे लोगों में समझ की कमी है और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ जुड़े लोग साजिश रच रहे हैं। जिस तरह से टिकट बंटे हैं, उसे देखते हुए तीन-चार सीटों को छोड़ दिया जाए तो महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बाकी सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त हो जाएगी।
निरुपम ने कहा, राहुल गांधी के नजदीकी लोगों को पार्टी में अलग-थलग कर दिया गया है। कांग्रेस में अब फीडबैक सिस्टम खत्म हो गया है। ऐसा ही चलता रहा तो वह लंबे समय तक कांग्रेस में नहीं रह पाएंगे। वर्सोवा सीट से अपने उम्मीदवार को टिकट नहीं दिए जाने पर निरुपम ने कहा कि वह सही प्रत्याशी को टिकट देने के लिए कह रहे थे लेकिन बात नहीं मानी गई।
महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर चुनाव होना है। इससे पहले कांग्रेस नेताओं में अंदरूनी कलह सामने आ रही है। संजय निरूपम खुलकर बगावती तेवर दिखा रहे हैं। इससे पहले गुरुवार को निरुपम ने कहा कि ऐसा लगता है कि पार्टी को उनकी सेवाओं की जरूरत नहीं है। निरूपम ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिन्द देवड़ा को मुंबई कांग्रेस को बर्बाद करने वाला बताया है।












Click it and Unblock the Notifications