तारिक अनवर के इस्तीफे पर कांग्रेस का बड़ा बयान, कहा- अगर वापसी करना चाहते हैं तो स्वागत है
नई दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार के मोदी समर्थक बयान पर नाराजगी जता पार्टी छोड़ने वाले तारिक अनवर को लेकर कयास लगाए जा रहे है कि, वह जल्द कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों की मानें तो तारिक अनवर कांग्रेस में अपना भविष्य देख रहे हैं। इसी के मद्देनजर उन्होंने एनसीपी से इस्तीफा दिया है। वहीं कांग्रेस ने इस पूरे घटना क्रम पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि, वह चाहें तो कांग्रेस पार्टी में फिर से वापस आ सकते हैं। वहीं शुक्रवार को तारिक अनवर ने कहा कि कार्यकर्ताओं से राय-मशवरे के बाद आगे की रणनीति बनाई जाएगी।

बिहार कांग्रेस विधायक प्रेमचंद्र मिश्रा बोले-तारिक अनवर का कदम सही
कांग्रेस नेता और विधान परिषद सदस्य प्रेमचंद्र मिश्रा ने अनवर के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि पवार का राफेल मामले में बयान दुर्भाग्यपूर्ण है, ऐसे में तारिक अनवर का कदम सही है। अनवर के इस कदम को बिहार कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने जायज ठहराया है। बता दें कि, बिहार में कांग्रेस के पास कोई बड़ा चेहरा नहीं है। ऐसे में कांग्रेस चाहेगी कि वह तारिक अनवर को अपने साथ लेकर आगामी लोकसभा चुनावों में पार्टी की बिहार में पकड़ को मजबूत कर सके।

80 के दशक में बिहार कांग्रेस के प्रमुख रह चुके हैं तारिक अनवर
दरअसल, तारिक 1980 के दशक में बिहार कांग्रेस के प्रमुख रह चुके हैं और कटिहार से कई बार कांग्रेस पार्टी के सांसद भी। वर्ष 1999 में उन्होंने एनसीपी जॉइन कर लिया था। यूपीए-2 (2004-2009) में वह केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। शुक्रवार को इस्तीफे के बाद पत्रकारों से बात करते हुए तारिक अनवर ने कहा, 'राफेल विमानों के सौदे में पीएम मोदी पूरी तरह संलिप्त हैं। फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने इस मामले को लेकर जो बयान दिया है, उससे राफेल डील में धांधली की पुष्टि हुई है। पार्टी अध्यक्ष शरद पवार का व्यक्तिगत तौर पर मैं सम्मान करता हूं लेकिन उन्होंने इस मामले में जिस तरह पीएम मोदी का बचाव किया है, उससे मैं पूरी तरह असहमत और आहत हूं। मैंने पार्टी और लोकसभी की सदस्यता से इस्तीफा दिया है।'

दिल्ली पहुंचने के बाद अपने अगले कदम के बारे में फैसला करूंगा
तारिक अनवर ने कहा, 'जब राफेल मामले में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरा विपक्ष आवाज उठा रहा है, तब हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार ने अप्रत्यक्ष तौर पर पीएम मोदी को क्लीन चिट दे दी, जोकि गलत है। इस मामले पर विपक्ष लगातार जेपीसी से जांच कराने की मांग कर रहा है और शरद पवार प्रधानमंत्री का बचाव करने वाला बयान दे रहे हैं। ये मुझे स्वीकार नहीं है। मैं अभी कटिहार में हूं और दिल्ली पहुंचने के बाद अपने अगले कदम के बारे में फैसला करूंगा।'












Click it and Unblock the Notifications