Assembly by-election: कांग्रेस ने असम की एक और कर्नाटक की 2 सीटों पर उतारे प्रत्याशी
Assembly by-election: असम और कर्नाटक की तीन सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने बुधवार की देर रात लिस्ट जारी कर दी। उम्मीदवार घोषित किए जाने की जानकारी कांग्रेस पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर साझा की है।
कांग्रेस ने असम के बेहाली से जयंत बोरा पर दांव लगाया है। वहीं, कर्नाटक के संदूर (एसटी) से ई. अन्नपूर्णा और चन्नपटना से सीपी योगेश्वर को उम्मीदवार बनाया है। बता दें, उम्मीदवारों के नामों की यह लिस्ट केसी वेणुगोपाल ने जारी की है।

पंजाब और बंगाल के लिए कांग्रेस उम्मीदवार
इससे पहले, कांग्रेस ने पंजाब और पश्चिम बंगाल की 10 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पंजाब में जतिंदर कौर डेरा बाबा नानक से, अमृता वारिंग गिद्दड़बाहा से, कुलदीप सिंह ढिल्लों बरनाला से और रंजीत कुमार चब्बेवाल से चुनाव लड़ेंगे।
वहीं, पश्चिम बंगाल में पार्टी ने सीताई (एससी) से हरिहर रॉय सिंघा, मदारीहाट सेक (एसटी) से विकास चेम्प्रो मैरी, नैहाटी से परेश नाथ सरकार, हावड़ा से हबीब रजा चौधरी, मेदिनीपुर से श्याम लाल घोष और तलडांगरा से तुषारकांति को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा ने भी इस सप्ताह की शुरुआत में अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पंजाब की तीन सीटों के लिए, सरदार रवि करण कहलों डेरा बाबा नानक से, सरदार मनप्रीत बादल गिद्दड़बाहा से और सरदार केवल सिंह ढिल्लों बरनाला से चुनाव लड़ेंगे।
कब और कहां हो रहे है उपचुनाव
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद चुनाव आयोग ने हाल ही में 15 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीख तय की है। इनमें पंजाब की चार, पश्चिम बंगाल की छह, असम की चार और मध्य प्रदेश की दो सीटें शामिल हैं। मतदान 13 नवंबर को होना है और नतीजे 23 नवंबर को आने की उम्मीद है।
इन चुनावों के अलावा महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट और उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट के लिए 20 नवंबर को उपचुनाव होंगे। नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications