कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में गांधी परिवार ने डाले अपने वोट, सोनिया ने कहा- लंबे समय से इसका इंतजार था
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग आज हो रही है। वोट शाम 4 बजे तक डाला जाएगा। इस बार कांग्रेस अध्यक्ष के लिए गांधी परिवार से कोई चुनाव नहीं लड़ रहा है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने एक साथ वोट डाला। वहीं, दिल्ली के पोलिंग बूथ पर वोट डालने जाते समय, बाहर मौजूद पत्रकारों ने जब सोनिया गांधी से पूछा कि मैम आप खुश हैं? इस पर सोनिया गांधी ने कहा कि मैं खुश हूं, मैं इसका लंबे समय से इंतजार कर रही थी।
Recommended Video

थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच है मुकाबला
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मुख्य लड़ाई शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच है। अगर खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव जीतते हैं, तो कांग्रेस के इतिहास में दूसरी बार होगा, जब गैर गांधी परिवार का व्यक्ति अध्यक्ष बनेगा। हालांकि, अभी इस पर सिर्फ कयास लगाए जा रहे हैं कि खड़गे ही अगले कांग्रेस अध्यक्ष होंगे। लेकिन इस पर अंतिम मुहर 19 अक्टूबर को लगेगी।
वहीं, इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने भी बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का पुनरुद्धार आज से शुरू हो गया है, चाहे अध्यक्ष पद के चुनाव का नतीजा कुछ भी आए। उन्होंने यह बयान अपने पक्ष में मतदान के लिए चलाए गए अभियान को सपोर्ट करने के लिए पार्टी के सहयोगी सोज के ट्वीट पर जवाब देते हुए दिया।
खड़गे अध्यक्ष बना तो गांधी परिवार से भी लूंगा सलाह
खड़गे को गांधी का परिवार का सबसे पसंदीदा माना जाता है। मतदान से पहले उन्होंने गांधी परिवार को लेकर बड़ा बयान दिया था। रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि गांधी परिवार ने इस देश के लिए अच्छा किया है और उनकी सलाह से पार्टी को फायदा होगा। इसलिए मैं उनकी सलाह और समर्थन मांगूंगा। इसमें कोई शर्म की बात नहीं है। अगर मीडिया की सलाह से कुछ फायदा होता है, तो मैं इसे भी लूंगा।
ये भी पढ़ें- Chhattisgarh: रमन सिंह पर मुकदमा करेंगे भूपेश बघेल? 'सोनिया का ATM' कहने पर हुए नाराज़ ,पढ़िए पूरी खबर












Click it and Unblock the Notifications