कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: मतदान खत्म, 9500 प्रतिनिधियों ने डाला वोट, 19 को आएंगे नतीजे
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। अध्यक्ष पद के लिए मतदान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक हुआ। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मल्लिकार्जुन खड़गे अगले कांग्रेस अध्यक्ष होंगे। क्योंकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनपर थरूर के मुकाबले ज्यादा भरोसा जताया है। हालांकि, इसके लिए आज और कल तक का इंतजार करना होगा। क्योंकि नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

9500 प्रतिनिधियों ने डाला वोट
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कुल 9500 प्रतिनिधियों ने वोट डाला है। इस बात की जानकारी कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने दी। वोटिंग प्रक्रिया खत्म होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सभी राज्यों को मिला दिया जाए तो कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 96 प्रतिशत मतदान हुआ है। वोटिंग के दौरान कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि 3 मतदान पेटियां प्राप्त हो गई हैं। कांग्रेस हेड ऑफिस दिल्ली में 87 लोगों ने वोट किया है।
गांधी परिवार ने भी डाला वोट
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए गांधी परिवार ने भी वोट डाला। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने एक साथ पहुंचकर दिल्ली में मतदान किया। जबकि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही मतदान किया। मतदान से पहले पत्रकारों ने जब सोनियां गांधी से पूछा कि मैम अब खुश हैं। इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि हां, मैं खुश हूं। मैं इसका बहुत दिनों से इंतजार कर रही थी।
गांधी परिवार से नहीं लड़ रहा कोई भी चुनाव
कांग्रेस अध्यक्ष के लिए गांधी परिवार से कोई चुनाव नहीं लड़ रहा है। ऐसे में मल्लिकार्जुन खड़गे अगर चुनाव जीतते हैं तो वह इस पद पर पहुंचने वाले दूसरे दलित नेता होंगे। वहीं, मतदान से पहले खड़गे ने गांधी परिवार से सलाह को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि गांधी परिवार ने देश के लिए बहुत से अच्छे काम किए हैं। ऐसे में अगर मैं अध्यक्ष बना तो पार्टी के उत्थान के लिए गांधी परिवार से सलाह जरूर लूंगा।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी डाला वोट
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी वोट डाला। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल, महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले, कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे, पी चिदंबरम, जयराम रमेश, अशोक गहलोत, कांग्रेस अध्यक्ष पद के दूसरे उम्मीदवार शशि थरूर सहित अन्य नेताओं ने वोट डाला।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में गांधी परिवार ने डाले अपने वोट, सोनिया ने कहा- लंबे समय से इसका इंतजार था












Click it and Unblock the Notifications