शुक्रवार को संविधान दिवस पर संसद में होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे कांग्रेस सांसद
संविधान दिवस पर होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे कांग्रेस सांसद
नई दिल्ली, 25 नवंबर: संविधान दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 26 नवंबर को संसद में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के सांसद शामिल नहीं होंगे। कांग्रेस के अलावा और भी कुछ दलों- टीएमसी, राजद, डीएमके, सीपीआई और सीपीआई-एम के भी इस कार्यक्रम से दूर रहने की बात सूत्रों के हवाले से सामने आई है। संविधान दिवस पर सेंट्रल हॉल में ये कार्यक्रम होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।

पीएम मोदी करेंगे संबोधित
संविधान दिवस के मौके पर आजादी का अमृत महोत्सव के तहत संसद के सेंट्रल हॉल में शुक्रवार सुबह 11 बजे कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल रहेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, राष्ट्रपति संविधान सभा में हुई बहस और चर्चाओं का डिजिटल वर्जन, भारत के संविधान की सुलेखित प्रति का डिजिटल संस्करण और भारत के संविधान के अपडेटेड संस्करण का विमोचन पीएम करेंगे, जिसमें अब तक के सभी संशोधन शामिल होंगे। प्रधानमंत्री शुक्रवार शाम 5:30 बजे विज्ञान भवन के प्लेनरी हॉल में सुप्रीम कोर्ट द्वारा आयोजित दो दिवसीय संविधान दिवस समारोह का उद्घाटन करेंगे।
कांग्रेस सांसदों ने की बैठक
कांग्रेस के सांसदों ने गुरुवार देर शाम दिल्ली में 10 जनपथ पर एक बैठक भी की है। बैठक के बाद राज्यसभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया है कि 29 नवंबर से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र को लेकर ये बैठक की गई। कांग्रेस सत्र में किन-किन विषयों को उठाएंगे इस पर चर्चा हुई। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस किसान, एमएसपी और लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर इस सत्र में उठाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दूसरी विपक्षी पार्टियों के साथ एकजुट होकर लोगों के मुद्दें सदन में उठाएंगे। इस बैठक में कांग्रेस नेता एके एंटोनी, आनंद शर्मा, मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी, केसी वेणुगोपाल, के. सुरेश, रवनीत बिट्टू, जयराम रमेश शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications