चेन्नई में बोले राहुल गांधी- राज्यों पर अपने विचार थोपकर देश का अपमान करते हैं पीएम मोदी
चेन्नई, 28 फरवरी: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक तरह की सोच से देश को चलाना चाहते हैं। ऐसे में वो सभी राज्यों पर अपने विचार थोपते है, जो कि ना सिर्फ राज्यों का बल्कि देश का भी अपमान हैं। तमिलनाडु सीएम और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन की आत्मकथा का विमोचन करने चेन्नई पहुंचे राहुल गांधी ने ये बातें कहीं। वहीं जम्मू कश्मीर को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा है।

राहुल गांधी ने सोमवार को चेन्नई ट्रेड सेंटर में एक बड़े कार्यक्रम में एमके स्टालिन की आत्मकथा 'उंगालिल उरुवन' (आपके ही बीच से एक) का विमोचन किया। कार्यक्रम में केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला और राज्य के कई दूसरे बड़े नेता शामिल थे। बता दें कि तमिलनाडु में कांग्रेस और डीएमके की साझा सरकार है।
किताब के विमोचन के बाद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी के कामकाज के तरीकों पर कई सवाल खड़े किए। खासतौर से राज्यों के अधिकार कम किए जाने को लेकर उन्होंने चिंता जताई। राहुल ने कहा, जब प्रधानमंत्री यहां आते हैं और तमिलनाडु के लोगों पर कोई और विचार थोपने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें समझ में नहीं आता कि तमिलनाडु केवल दो शब्द नहीं बल्कि 3,000 साल है। वह राज्य और देश का अपमान करते हैं।

कश्मीर और पंजाब का भी उठाया सवाल
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जम्मू कश्मीर और पंजाब को लेकर लिए गए केंद्र के फैसलों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर के लोग खुद पर शासन नहीं करते हैं बल्कि उत्तर प्रदेश और गुजरात के नौकरशाह उन पर शासन करते हैं। पंजाब में केंद्र सरकार ने एकतरफा फैसला लेते हुए पंजाब से 100 किमी जमीन छीनकर बीएसएफ को दे दी। हमारी दृष्टि विविधता में एकता है लेकिन वो सबको एक ही विचार से चलाना चाहते हैं, जो कि ठीक नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications