'उनकी गलती क्या थी, उन्होंने गुजरात दंगों की एक डॉक्यूमेंट्री बनाई', BBC ऑफिस रेड पर दिग्विजय सिंह
BBC कार्यालय में आयकर विभाग के छापेमारी पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने केंद्र पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि विश्व में पहली बार BBC के 100 साल के इतिहास में उनपर इस तरह की कोई छापेमारी हुई है। उनकी गलती क्या थी?

Digvijaya Singh On BBC IT Raid: ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) के दिल्ली-मुंबई स्थित दफ्तर पर आयकर विभाग का 'सर्वे ऑपरेशन' चल रहा है। इनकम टैक्स विभाग की टीम की तरफ से अंतरराष्ट्रीय कराधान और स्थानांतरण मूल्य निर्धारण में अनियमितताओं के आरोपों पर बीबीसी परिसरों में छापेमारी की गई है। बीबीसी पर हुई आईटी रेड के बाद अब विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलवार हो गया है। हाल ही में बीबीसी की विवादित डॉक्यूमेंट्री के आने के बाद अचानक हुई इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेता बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि विश्व में पहली बार BBC के 100 साल के इतिहास में उनपर इस तरह की कोई छापेमारी हुई है।
'बीबीसी के 100 वर्षों के इतिहास में पहली बार'
BBC ऑफिस में आयकर विभाग के छापेमारी पर मध्य प्रदेश के पूर्व CM दिग्विजय सिंह ने भोपाल में मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि बीबीसी के 100 वर्षों के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि केवल गुजरात पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए सभी पक्षों को दिखाने के लिए उन पर छापा मारा गया। क्या यह पीएम मोदी की अंतरराष्ट्रीय छवि पर धब्बा नहीं होगा? उन्होंने कहा कि उनकी गलती क्या थी, उन्होंने गुजरात के दंगों की एक डॉक्यूमेंट्री बनाई थी, जिसमें सभी का पक्ष रखा गया था।
अडानी मामले पर केंद्र को घेरा
वहीं अडानी मामले पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि अडानी ग्रुप पर आई हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के कई विषयों पर अंतराष्ट्रीय क्षेत्र में जांच शुरू हो गई है। इनके शेयर डाउनग्रेड किए गए है और हमारी नियामक एजेंसियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। हमने मांग की थी कि JPC बनाकर इसकी जांच की जाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आईटी, ईडी, सीबीआई को हथियार के तौर पर बीजेपी इस्तेमाल कर रही है।
देशवासियों को कारण बताना चाहिए: अशोक गहलोत
BBC पर आयकर विभाग की छापेमारी पर राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि BBC की विश्वसनीयता देश और दुनिया में असाधारण है। देशवासियों को कारण बताना चाहिए कि आपने BBC जैसी संस्था को निशाना क्यों बनाया है? लोगों को भरोसे में लेना चाहिए नहीं तो मेरा मानना है कि दुनिया में सरकार और देश की बदनामी होगी।
फारूक अब्दुल्ला बोले- ये डॉक्यूमेंट्री का असर
वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि मुझे लगता है कि ये नहीं होना चाहिए था। लोग अभी यही सोचेंगे की ये BBC की आई 2 डॉक्यूमेंट्री का असर है। डॉक्यूमेंट्री से पहले ऐसा होता तो समझते कि इनकी (BBC) कोई गलती है।












Click it and Unblock the Notifications