विनेश फोगाट का एयरपोर्ट पर दीपेंद्र हुड्डा ने किया स्वागत, क्या कांग्रेस में शामिल होने जा रहीं रेसलर?
Vinesh Phogat News: पेरिस ओलंपिक (Paris Olympics 2024) में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट शनिवार को स्वदेश लौट आईं हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर विनेश का भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान पहलवान बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक के साथ कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी विनेश का स्वागत करने दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। जैसे ही विनेश एयरपोर्ट से बाहर निकली साक्षी और बजरंग पूनिया के गले लगकर रो पड़ी। इस दौरान दीपेंद्र हुड्डा ने विनेश को संभाला। इन सब के बीच अब विनेश फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।

दरअसल, हरियाणा कांग्रेस के बड़े नेता और सांसद दीपेंद्र हुड्डा एयरपोर्ट पर पहुंचने के साथ-साथ विनेश फोगाट की ओपन कार में भी साथ थे। ऐसे में सियासी गलियारों में पहले से चर्चाएं तेज हैं कि विनेश फोगाट राजनीति में एंट्री कर सकती हैं और जल्द कांग्रेस में शामिल होंगी।
संभावना जताई जा रही है कि हरियाणा चुनावों की तारीखों के ऐलान के बाद विनेश फोगाट अब कभी भी कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। हालांकि अभी तक ना विनेश की ओर से और ना ही पार्टी की ओर से किसी तरह का आधिकारिक बयान सामने आया है। लेकिन पूरी कयासबाजी है कि विनेश इस बार हरियाणा विधानसभा चुनाव कांग्रेस के सिंबल से लड़ सकती हैं।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया था पोस्ट
इससे पहले लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि था कि," विनेश, कोई नहीं बहन, आपको मेडल पोडियम पर चढ़ने का अवसर नहीं मिल पाया तो क्या हुआ हमारे लिए आपकी ये छलांग दुनिया के किसी भी पोडियम से कहीं ज्यादा ऊंची थी। कल पेरिस से लौटने पर आपके स्वागत के लिए हम सब आतुर हैं।"
बता दें कि पेरिस ओलंपिक में विनेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली थी, लेकिन 50 किग्रा कैटेगरी फाइनल में पहुंचने के बाद उन्हें अधिक वजन के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications