संसद के बाद अब सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, महंगाई और बेरोजगारी पर 5 अगस्त को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन
नई दिल्ली, 30 जुलाई: देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल से लेकर घरेलू गैस एलपीजी के दामों में हुई बढ़ोतरी और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस केंद्रे की मोदी सरकार पर हमलावर है। संसद के मानसून सत्र में कांग्रेस और विपक्षी दल मिलकर सरकार को राज्यसभा और लोकसभा में घेरने में लगे हुए है, जिसके बाद अब सड़क पर भी कांग्रेस ने इन मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस पार्टी मूल्य वृद्धि और बेरोजगारी पर 5 अगस्त को राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शन करेगी।

हाल ही में खाने की चीजों पर लागू की गई जीएसटी के विरोध में कांग्रेसी नेता मोदी सरकार पर लगातार निशाना साध रहे हैं। वहीं अब बढ़ती कीमतों और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस संसद से लेकर सड़क तक प्रदर्शन करने को तैयार है। कांग्रेस पार्टी 5 अगस्त को राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शन करेगी। दिल्ली में पार्टी के सांसद प्रदर्शन के मद्देनजर संसद से "चलो राष्ट्रपति भवन" का आयोजन करेंगे और उसी दिन "पीएम हाउस घेराव" में कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे।
जानकारी के मुताबिक इस दौरान कांग्रेस नेता महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ देशभर के जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। बता दें कि संसद का मानसून सत्र चल रहा है। ऐसे में कांग्रेस केंद्र सरकार पर लगातार महंगाई और हाल ही लागू की गई जीएसटी के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए दबाव बना रही है। साथ ही इस मुद्दे पर लगातार सदन में हंगामा कर रही है, जिसके चलते सदन की कार्यवाही के पिछले 2 सत्र सुचारू रूप से नहीं चल पाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications