Budget 2024: कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने दी बजट पर प्रतिक्रिया, कहा-'वित्त मंत्री ने उनका घोषणा पत्र पढ़ा'
Budget 2024: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। बजट में इंटर्नशिप योजना की घोषणा किए जाने के बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें इस बात की खुशी हुई है कि लोकसभा चुनाव के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्य विपक्षी दल का घोषणा पत्र पढ़ा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2024-25 में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की घोषणा की है। इसके तहत युवाओं को इंटर्नशिप के साथ 5000 रुपए मासिक भत्ता दिया जाएगा।
कांग्रेस ने हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव के लिए जारी घोषणा पत्र में प्रशिक्षुता के अधिकार का वादा किया था। इसके तहत डिप्लोमा और डिग्रीधारक बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण के साथ एक साल तक हर महीने 8500 देने का वादा किया था। कांग्रेस ने इस योजना को पहली नौकरी पक्की नाम भी दिया था।

पूर्व मंत्री चिदंबरम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मुझे यह जानकर खुशी हुई कि माननीय वित्त मंत्री ने चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस का लोकसभा 2024 का घोषणा पत्र पढ़ा है। मुझे इस बात की भी खुशी है कि उन्होंने कांग्रेस घोषणा पत्र के पृष्ठ 30 पर उल्लिखित रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन को वस्तुत: अपना लिया है।
उन्होंने आगे लिखा कि मुझे इस बात की भी खुशी है कि उन्होंने कांग्रेस घोषणा पत्र के पृष्ठ 11 पर उल्लिखित प्रत्येक प्रशिक्षु के लिए भत्ते के साथ-साथ प्रशिक्षण योजना भी शुरू की है। काश वित्त मंत्री ने कांग्रेस घोषणा पत्र के कुछ अन्य विचारों की नकल की होती। मैं शीघ्र ही छूटे हुए बिंदुओं की सूची बनाऊंगा।
आपको बता दें कि बजट भाषण में वित्त मंत्री सीतारमण ने पांच वर्षों में लगभग 4.1 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार सृजन का प्रस्ताव रखा। सरकार रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन के तहत तीन योजनाओं को लागू करने पर विचार कर रही है। इसमें पहली बार नौकरी करने वाले लोगों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा और कर्मचारियों और नियोक्ताओं दोनों को सहायता दी जाएगी। इन योजनाओं का मकसद पहली बार नौकरी करने वाले लोगों को वित्तीय लाभ देना और विनिर्माण क्षेत्र में रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करना है।
सरकार प्रत्येक कर्मचारी की नियुक्ति के लिए नियोक्ताओं को उनके ईपीएफओ अंशदान भी देगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने महिलाओं की कार्यबल भागीदारी बढ़ाने के लिए पहल की घोषणा की है। इसमें कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास, क्रेच, कौशल कार्यक्रम और महिला एसएचजी उद्यमों के लिए बाजार शामिल है।
वित्त मंत्री ने बजट में कौशल विकास के लिए योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की है। जिसमें औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को उन्नत करना और पाठ्यक्रम की विषय-वस्तु को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाना शामिल है। इसके लिए उठती मांगों को पूरा करने के लिए नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। मॉडल कौशल ऋण योजना को संशोधित करके 7.5 लाख रुपए तक के ऋण की सुविधा दी जाएगी।
नए वित्तीय सहायता कार्यक्रम के तहत उच्च शिक्षा के लिए 10 लाख रुपए तक का ऋण दिया जाएगा। वित्त मंत्री सीतारमण ने इंटर्नशिप योजना की भी घोषणा की है। इसके तहत पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को 500 कंपनियों में अवसर प्रदान किए जाएंगे। इंटर्न को भत्ता मिलेगा और कंपनियों से प्रशिक्षण लागत वहन करेगी।
कांग्रेस नेता पी चिदंबरम और जयराम रमेश ने बजट के कुछ पहलुओं की प्रशंसा की है। उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र से प्रस्तावों को अपनाने और एंजल टैक्स को खत्म करने की तारीफ की है। उन्होंने छूटे हुए अवसरों को भी सामने लाते हुए रोजगार और इंटर्नशिप योजनाओं के कुछ हिस्सों की आलोचना की है।












Click it and Unblock the Notifications