बालक बुद्धि पर भड़की कांग्रेस ने PM मोदी को बैल बुद्धि कह दिया, सोशल मीडिया पर ट्रेंड, लोगों का भड़का गुस्सा
संसद में जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्हें आड़े हाथ लिया था, उसके बाद कांग्रेस ने पीएम के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभियान शुरू कर दिया है।
दरअसल प्रधानमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बालक बुद्धि करार दिया था। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद जिस तरह से कांग्रेस इसका जश्न मना रही है उसपर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने लोकसभा में राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि बच्चे का मन बहलाने का काम चल रहा है।

कांग्रेस ने पीएम को कहा बैल बुद्धि
जिसके बाद कांग्रेस ने पीएम मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर बैल बुद्धि अभियान की शुरुआत कर दी है। कांग्रेस के आधिकारिक हैडल से पीएम मोदी के पुराने बयान के कुछ अंश को साझा करके इस हैशटैग #बैलबुद्धि को ट्रेंड कराया जा रहा है।
कांग्रेस पार्टी और इसके नेता, कार्यकर्ता, समर्थक लगातार पीएम को लेकर कई मीम और पोस्ट शेयर कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से हैशटैग #बैलबुद्धि की शुरुआत बुधवार को पीएम के पुराने वीडियो के एक अंश के साथ हुई।
जिस तरह से कांग्रेस ने देश के प्रधानमंत्री को लेकर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है उसको लेकर सोशल मीडिया पर कई यूजर्स पार्टी को आड़े हाथ ले रहे हैं।
एक यूजर ने यहां तक कह दिया कि देश के पीएम को गाली देना, पिता को गाली देने के बराबर है। आप हारने के बाद इस तरह की अभद्रता और नीचता पर उतर आयेंगे, खैर इससे ज्यादा आप सोच भी क्या सकते हैं।
यूजर्स का कांग्रेस पर पलटवार
कांग्रेस के #बैलबुद्धि ट्रेंड पर तमाम यूजर्स राहुल गांधी को आड़े हाथ लेते हुए उन्हें बेल बुद्धि करार दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि नेशनल हेराल्ड केस में 5000 करोड़ के फर्जीवाड़े का आरोपी बेल पर बाहर है। I.N.D.I.A. हमारा INDIA नहीं है।
कांग्रेस के ट्रेंड के बाद तमाम यूजर्स राहुल गांधी के भी वीडियो के अंश को साझा करके उन्हें आड़े हाथ ले रहे हैं। अलग-अलग मामलों पर जिस तरह से राहुल गांधी ने अपने बयान दिए हैं, उसका फैक्ट चेक कर रहे हैं।
पीएम पद की गरिमा तार-तार
इन सब के बीच एक बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या देश की सबसे पुरानी पार्टी की ओर से देश के प्रधानमंत्री के लिए इस तरह के शब्द का इस्तेमाल करना शोभा देता है। प्रधानमंत्री पूरी दुनिया में देश का प्रतिनिधित्व करता है, ऐसे में उस पद की एक गरिमा होती है, वह किसी पार्टी या पक्ष का नहीं होता है। वह देश का नेता होता है।
लिहाजा इस तरह की अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करके कांग्रेस ने ना सिर्फ देश के प्रधानमंत्री पद की गरिमा को कम करने का काम किया बल्कि खुद भी बालक बुद्धि का परिचय दिया है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस भाषा को आगे बढ़ा रहे हैं, जोकि अपने आप में इन नेताओं की सोच पर सवाल खड़ा करती है।
कांग्रेस मना रही नैतिक जीत का जश्न
बता दें कि लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से कांग्रेस पार्टी लगातार इसे अपनी नैतिक जीत बता रही है। हालांकि पार्टी लगातार तीसरी बार 100 सीटों के आंकड़े को पार नहीं कर पाई है। पूरा इंडिया गठबंधन 234 सीटों पर सिमट गया है जबकि भाजपा ने अकेले दम पर 240 सीटों पर जीत हासिल की है।
कांग्रेस के जीत के जश्न पर पीएम मोदी का तंज
चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस पार्टी के जश्न पर सवाल खड़ा करते हुए पीएम मोदी ने संसद में कहा था कि बालक को खुश करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी का इसपर भड़कना लाजमी है, लेकिन बावजूद इसके प्रधानमंत्री के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करने से बचा जा सकता था।












Click it and Unblock the Notifications