लखीमपुर खीरी हिंसा: कांग्रेस बोली-योगी तानाशाह हैं, कल देशभर में करेंगे विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली, अक्टूबर 04: किसानों की हत्या के बाद लखीमपुर खीरी जा रहीं प्रियंका गांधी को यूपी पुलिस ने हिरासत में लिया है। अब कांग्रेस ने कांग्रेस ने सोमवार को पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा की तत्काल रिहाई की मांग की है। कांग्रेस ने कहा कि, उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस ने अवैध रूप से हिरासत में लिया है। कांग्रेस ने जोर देकर कहा कि वे लखीमपुर खीरी हिंसा के विरोध में मंगलवार को देश के सभी जिलों में जिलाधिकारियों के कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने दिल्ली में कहा कि, कल देश भर के हर जिले में डीएम कार्यालय का घेराव होगा। यह एक देशव्यापी आंदोलन बनेगा। मैं मांग करता हूं कि प्रधानमंत्री और यूपी के मुख्यमंत्री जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। कांग्रेस ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को तत्काल बर्खास्त करने और उनके बेटे की गिरफ्तारी की भी मांग की। कांग्रेस ने कहा, राजनीतिक नेताओं को स्वतंत्र आंदोलन से रोकने की प्रथा बहुत खतरनाक है।
कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने संवाददाताओं से कहा कि, हमारी मांग है कि केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को तत्काल बर्खास्त किया जाए और उनके बेटे को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। हम प्रियंका गांधी वाड्रा की तत्काल रिहाई की भी मांग करते हैं, जिन्हें अवैध रूप से हिरासत में लिया गया है। हम उसके साथ दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करते हैं। इससे पहले प्रियंका ने आरोप लगाया कि उन्हें घसीटा व धकेला भी गया। इस बीच, उनकी पुलिस के अधिकारियों के साथ तीखी बहस भी हुई, जिसका वीडियो वायरल हो गया है।
पार्टी ने इस बात की जांच की मांग की कि हिंसा में अन्य लोग कैसे मारे गए, और कहा कि किसानों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि प्रियंका गांधी को तुरंत रिहा किया जाना चाहिए और लखीमपुर खीरी जाने और प्रभावित किसानों से मिलने की अनुमति दी जानी चाहिए। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी प्रभावित परिवारों से मिलने की अनुमति दी जानी चाहिए। बता दें कि, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को भी दिन में पहले लखनऊ हवाई अड्डे पर उतारने की अनुमति नहीं दी गई।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने लखीमपुर खीरी मामले पर में योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, योगी यूपी के तानाशाह बनते जा रहे हैं। यह अवैध हिरासत है और हम इसकी निंदा करते हैं। उन्हें (प्रियंका गांधी वाड्रा) रिहा किया जाना चाहिए। आरोपियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और जांच शुरू की जानी चाहिए। हम अपने नेता के साथ ऐसा दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेंगे। बीजेपी सरकार किसान विरोधी है, इनके पास सहनशक्ति नहीं है। हमने यूपीए के दौरान किसी को विरोध करने से नहीं रोका था। ये लोग लोकतंत्र को तानाशाही में बदलना चाहते हैं।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा किसानों से मिलने के लिए सोमवार सुबह लखीमपुर खीरी पहुंचने वाली थीं, लेकिन उन्हें हरगांव के पास हिरासत में ले लिया गया। यूपी कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी से पुलिसकर्मियों ने जोर जबरदस्ती भी की, जिसका मुखर विरोध किया गया। प्रियंका गांधी ने यूपी पुलिस को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि वो ऐसे उन्हें साथ नहीं ले जा सकते। पहले वो अरेस्ट वारंट दिखाएं और फिर गिरफ्तार करके ले जाएं।












Click it and Unblock the Notifications