10 लाख रोजगार के ऐलान पर बोले रणदीप सुरजेवाला, इसे कहते हैं 900 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली
नई दिल्ली, 14 जून। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से आज एक ट्वीट करके अगले डेढ़ साल में 10 लाख सरकारी रिक्त पदों को भर्ती करने की बात कही गई है। पीएम मोदी ने सभी विभागों और मंत्रालयों में खाली पड़े रिक्त पदों की समीक्षा के बाद यह निर्देश दिया है। पीएम मोदी के इस निर्देश पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इसे कहते हैं नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली, इस देश में 50 साल की सबसे भयंकर बेरोजगारी है। 75 साल में सबसे निचले पायदान पर रूपया गिरकर 78.28 प्रति डॉलर हो गया है। इस देश में 28 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं। इस देश में प्रजातंत्र और संविधान को बुल्डोजर के नीचे रौंद दिया गया है। अब ट्विटर-ट्विटर खेलकर प्रधानमंत्री हम सबको कितनी देर तक भटकाएंगे।

इससे पहले जिस तरह से राहुल गांधी को ईडी के सामने पेश होना पड़ा उसका कांग्रेस के कार्यकर्ता भारी विरोध कर रहे हैं। बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। आज एक बार फिर से ईडी के सामने पेश होने के लिए राहुल गांधी ईडी के कार्यालय पहुंचे हैं। आज ईडी द्वारा राहुल गांधी की पूछताछ का विरोध कर रहे रणदीप सुरजेवाला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ ईडी कार्यालय पहुंचे हैं, जहां उनसे नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ होगी।
बता दें कि प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से आज ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी गई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमाम सरकारी विभाग और मंत्रालयों में खाली पड़े रिक्त पदों की समीक्षा की। इसके बाद पीएम मोदी ने तमाम अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अगले डेढ़ साल में इन खाली पड़े रिक्त पदों को मिशन मोड में भरा जाए। पीएम मोदी के इस ऐलान के बाद माना जा रहा है जल्द ही केंद्र सरकार की ओर से अलग-अलग पदों पर खाली पड़े रिक्त पदों में भर्ती के लिए आवेदन मांगे जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications