कांग्रेस अब इंदिरा से कांग्रेस इटली हुई : मोदी

Congress changed symbol many times, but not its intentions: Narendra Modi
भोपाल| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर जमकर हमला बोला और कहा है कि अब कांग्रेस इंदिरा से कांग्रेस इटली हो गई है। मध्य प्रदेष में शहडोल, सतना और जबलपुर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए बुधवार को मोदी ने कांग्रेस और प्रधानमंत्री पर जमकर हमले बोले। उन्होंने जबलपुर की जनसभा में कहा कि कांग्रेस की पहचान अब करप्शन (भ्रष्टाचार) बन गई है। देश में आलम तो यह है कि पूरी ए बी सी डी घोटालों से बन जाती है।

उन्होंने आगे कहा कि विकास से छत्तीस का आंकड़ा रखने वाली कांग्रेस के खिलाफ जनता में गुस्सा है और वह उसे सजा सुनाने के मूड में है। भाजपा की देश में हवा चल रही है और चारों राज्यों ंके विधानसभा चुनाव में जीत होगी।

मोदी ने कहा कि बीते 50 वर्षो ने इतने गडढे किए थे कि उन्हें भरने में ही दस साल लग गए, मध्य प्रदेश में भाजपा और शिवराज को पांच साल और दीजिए फिर विकास देखिए। ऐसा विकास होगा कि उसकी चर्चा हर तरफ होगी। गुजरात से भी मध्य प्रदेश आगे निकल जाएगा।

इससे पहले शहडोल में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर जमकर आरोप लगाए। मोदी ने अपने भाषण में कहा कि कांग्रेस आजादी से आज तक सिर्फ वादे करती आ रही है, तथा सत्ता में आते ही वह सारे वादे तोड़ देती है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में अपने से पहले एक हाथ हिलाती है, और सत्ता में आने के बाद दोनों हाथों से लूटने लगते हैं।

मोदी यहां राज्य विधानसभा चुनाव में स्थानीय भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने आए थे। मोदी ने शहडोल की जनसभा में कहा कि दिल्ली में ऐसी सरकार है जिसके राज में गरीबों का पेट लुटा, नौजवानों के सपने लुटे और बहू-बेटियों की इज्जत तक नहीं बची।

मोदी ने कहा, "कांग्रेस ने आजादी के बाद वादे और नारे दिए, लेकिन सत्ता में आने पर सभी वादों को तोड़ दिया। चुनाव में कांग्रेस ने एक हाथ दिखाया और सत्ता में पहुंचने के बाद दोनों हाथ से लूट शुरू कर दी। देश में मंहगाई और भ्रष्टाचार का जो आलम है उसके लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। जनता कांग्रेस को अब लूट का मौका नहीं देगी और नाता तोड़ेगी।"

मोदी ने कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा मप्र प्रवास के दौरान दिए गए उस बयान पर भी चुटकी ली जिसमे उन्होंने कहा था कि आदिवासी परिवार का बच्चा भी विमान में उड़ना चाहता है। मोदी ने कहा, "शहजादे कह रहे थे कि आदिवासी नौजवान विमान में उड़ना चाहता है। कांग्रेस 50 वर्षो से देश चला रही है, अगर उनके लिए विज्ञान की कक्षाएं ही चला दी होतीं तो आदिवासी के नौजवान विमान में बैठने की नहीं सोचता बल्कि बनाकर चलाता।"

मोदी ने आगे कहा, "आजादी के बाद कांग्रेस ने हर चुनाव के मौके पर आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों की खबर ली, लेकिन सत्ता में आने के बाद जमीनी तौर पर उनकी खुशहाली के लिए कुछ नहीं किया। अटलबिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में पहली बार जब भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनी, तब आदिवासियों के लिए देश में पृथक मंत्रालय बनाया गया, आदिवासी मंत्री तैनात किया गया और आदिवासियों के कल्याण के लिए पृथक से बजट की व्यवस्था की गई।"

मोदी ने आगे कहा कि काश, यह व्यवस्था आजादी के तत्काल बाद कांग्रेस ने की होती तो आज आदिवासी अंचल पिछड़े नहीं होते।"

मोदी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हर वर्ग के हित की योजनाएं चलाई हैं, वहीं कांग्रेस वह दल है जो गरीबों का मजाक उडा रही है।

मोदी ने भाजपा के समर्थन में देश में आंधी चलने का दावा करते हुए कहा, "देश में भाजपा की रैलियों और जनसभाओं के लिए स्थान छोटे साबित हो रहे हैं। भाजपा ने दबे कुचलों, आदिवासियों की कराह को सुना है और संवेदना व्यक्त की है। कांग्रेस के बहरे कानों में आदिवासियों की कराह पिछले 50 वर्षो में पहुंची होती तो देश का नजारा कुछ और होता।"

मोदी ने शिवराज सरकार के कार्यो की जमकर सराहना की। मोदी ने कहा, "गरीबों को मुख्यमंत्री ने अन्नपूर्णा योजना, अंत्योदय योजना के अंतर्गत एक रुपये किलो गेंहू, दो रुपये किलो चावल देने की व्यवस्था की है। आदिवासी सम्मान की जिंदगी गुजर-बसर करता है। वह मुफ्त का खाना नहीं खाता, इसलिए राज्य सरकार ने सस्ता राशन दिया है। कांग्रेस कहती है कि वह सत्ता में आने के बाद 35 किलो अनाज मुफ्त में गरीबों को देगी। कांग्रेस का वादा झूठा है, चुनावी प्रपंच है। यदि कांग्रेस की यह प्रतिबद्धता है तो उसे इस योजना को महाराष्ट्र, कर्नाटक, आधं्रप्रदेश और हरियाणा में लागू करके दिखाना चाहिए। चुनाव के दौरान झूठे वादे करना कांग्रेस का काम है। कांग्रेस गरीबों का मजाक उड़ाती है। उसे इस चुनाव में जनता दंडित करेगी। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मुक्त मतदान केंद्र हकीकत में बदलेगा।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+