विदेश में राहुल गांधी का कौन? अमित शाह के इंटरव्यू पर विवाद, कांग्रेस ने राहुल कंवल को किया ब्लैकलिस्ट
Rahul Gandhi: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बारे में चर्चा कर रहे हैं। जिसमें अमित शाह राहुल गांधी के बार-बार विदेश जाने पर बात कर रहे हैं। इस वीडियो में देश के मशहूर पत्रकार राहुल कंवल भी हैं। वीडियो पर विवाद इतना हुआ कि कांग्रेस ने राहुल कंवल को ब्लैक लिस्ट कर दिया है।
ये वीडियो 'आजतक' चैनल के 'एजेंडा आजतक' का है। जिसमें अमित शाह पहुंचे थे। अमित शाह राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहते हैं, ''जब भी सदन होता है, बाहर से कोई आरोप आ जाता है और ये लेकर जर्सी पहनकर घूमते हैं। उनका (राहुल गांधी) प्रेरणास्रोत ही बाहर है...उसमें मुझे तो हैरानी नहीं है...मुझे तो मालूम है क्योंकि उनका प्रेरणास्रोत बाहर है।''

जब राहुल कंवल ने पूछा, क्यों राहुल गांधी का प्रेरणास्रोत बाहर है?
अमित शाह की बातों को सुनने के बाद राहुल कंवल उनको काउंटर करते हुए पूछते हैं...क्योंकि उनका (राहुल गांधी) प्रेरणास्रोत बाहर है? अमित शाह कहते हैं, ''छोड़िए मैं निजी बातें करना नहीं चाहता हूं...''
राहुल कंवल कहते हैं, निजी बात क्या? जिसपर अमित शाह कहते हैं, ''छोड़िए, पब्लिक सब समझ गई है। आप (राहुल कंवल) नहीं समझे हो तो थोड़ा पब्लिक में पूछ लेना, यहां किसी को भी खड़ा करो...सब आपको बता देंगे...आप खड़ा करो...आपको जवाब मिल जाएगा...।''
इस पर कार्यक्रम में आए एक शख्स ने राहुल कंवल से माइक पर कहा कि, ''विदेश में कोई रहता है... मिसेज।'' अमित शाह ये बात सुनकर हंसने लगते हैं और कहते हैं...हर महीने पर विदेश जाते हैं...इसलिए कह रहे हैं। अभी थोड़ा और पीछे हो जाओ...कैसेट रिवाइंड करो तो और याद आएगा।''
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
कांग्रेस ने अमित शाह की आलोचना की, राहुल कंवल को किया ब्लैकलिस्ट
वीडियो के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह की आलोचना की है। वहीं राहुल कंवल को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इसकी जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने दी है। पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर कहा,
''इससे ज्यादा बेशर्मी क्या हो सकती है? देश के गृह मंत्री विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बारे में घटिया गपशप कर रहे थे या राहुल कंवल और अमित शाह और दर्शकों को उकसाकर सस्ते रोमांच का आनंद ले रहे थे? क्या राहुल कंवल में इतनी हिम्मत है कि वे अमित शाह से मोदी की परित्यक्त पत्नी के बारे में पूछ सकें? क्या कंवल में इतनी हिम्मत है कि वे शाह से जासूसी गेट के बारे में पूछ सकें? क्या इंडिया टुडे के सम्मेलनों का यही हाल हो गया है?''
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा,
''कांग्रेस पार्टी हमेशा प्रेस की स्वतंत्रता के लिए खड़ी रही है और निष्पक्ष पत्रकारिता का सम्मान करती है। लेकिन तब नहीं जब प्रेस कार्ड रखने वाले लोग वास्तव में किसी राजनीतिक पार्टी की ओर से ट्रोल की तरह काम कर रहे हों। हमें नहीं लगता कि ऐसे ट्रोल्स से जुड़ना जरूरी है। इसलिए इंडिया टुडे के राहुल कंवल को ब्लैकलिस्ट करने का फैसला किया गया है, जो इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में लोकसभा में विपक्ष के नेता पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाले स्वयंभू चाणक्य के सामने बेशर्मी से झुक रहे थे। हमने राहुल कंवल को पिछली बार एक मौका दिया था जब उन्होंने अपने आचरण पर खेद जताया था, लेकिन वे बार-बार अपराधी साबित हुए हैं और इसलिए हमारी भागीदारी से, हम पत्रकारिता के नाम पर उनके द्वारा किए गए कार्यों को सही नहीं ठहरा सकते।''












Click it and Unblock the Notifications