Cockroach in Vande Bharat: कब सुधरेगा रेलवे? लग्जरी ट्रेन वंदे भारत के खाने में मिला कॉकरोच
वंदे भारत देश की सबसे वीआईपी ट्रेन बन गई है, जिसका किराया काफी ज्यादा है। हालांकि उसमें मिलने वाली सुविधाओं पर अब सवाल उठने शुरू हो गए हैं। ताजा मामला रानी कमलापति (हबीबगंज)- हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस से सामने आया है, जहां खाने में कॉकरोच मिला।
जानकारी के मुताबिक एक यात्री वंदे भारत से यात्रा कर रहा था। उसने खाने का ऑप्शन लिया था, जब ट्रेन में उसको खाना मिला, तो उसमें मरा हुआ कॉकरोच था। उसने तुरंत उसकी फोटो खींची और वायरल कर दी।

यात्री के मुताबिक कॉकरोच उसकी रोटी पर था। ट्रेन में मौजूद स्टॉफ ने भी ध्यान नहीं दिया और उसे वो खाना सर्व कर दिया। ट्विटर पर ये फोटो काफी वायरल हुई, जिस पर रेल सेवा ने भी संज्ञान लिया और तुरंत अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
भोपाल के मंडल रेल प्रबंधक ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रेल यात्री की शिकायत पर तुरंत उसे दूसरा खाना दिया गया। साथ ही मामले की जांच की जा रही। दोषी पाए पर सर्विस प्रोवाइडर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ये भी बताया कि ऐसे मामलों में रेलवे जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाता है।
लोगों ने की आलोचना
एक यूजर ने लिखा कि सामान्य ट्रेनों में ये आम बात थी, लेकिन लग्जरी ट्रेनों में भी अब ऐसा होने लगा है। आईआरसीटीसी की ओर से ज्यादा पैसा लिया जाता है, लेकिन उसकी सुविधा बहुत घटिया है। एक अन्य ने लिखा कि ट्रेन में खाने का मतलब आप हाइजीन भूल जाइए।
मई में भी ऐसी घटना
इससे पहले मई में भी ऐसी घटना सामने आई थी, जहां सोमनाथ से इंदौर लौट रहे रेल यात्रियों ने स्टेशन से खाना खरीदा। जिसमें कॉकरोच निकला और यात्री ने शिकायत की। इसके बाद वेंडर उनके पास पहुंचा और उन्हें शिकायत वापस लेने के लिए धमकाने लगा। हालांकि बाद में रेलवे के कर्मचारी यात्री के पास पहुंचे और उनको पैसे वापस दिलाए। इसके अलावा भी कई बार रेलवे में ऐसी घटनाएं घट चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications