Pics: अपने 5 बच्चों को बचाने के लिए कोबरा से भिड़ी कुतिया, 10 मिनट तक मौत से जूझी
एक मां अपने बच्चों को बचाने के लिए किस तरह बड़े से बड़े खतरे से लड़ सकती है, ये उस वक्त देखने को मिला जब एक जहरीले कोबरा सांप ने अचानक पांच पिल्लों पर हमला कर दिया।
नई दिल्ली। एक मां अपने बच्चों को बचाने के लिए किस तरह बड़े से बड़े खतरे से लड़ सकती है, ये उस वक्त देखने को मिला जब एक जहरीले कोबरा सांप ने अचानक पांच पिल्लों पर हमला कर दिया। कुछ ही दूरी पर बैठी पिल्लों की मां ने जब अपने बच्चों की जान खतरे में फंसी देखी, तो वो तुरंत कोबरा से भिड़ गई। अपने बच्चों की जिंदगी बचाने के करीब 10 मिनट तक कुतिया ने उस जहरीले कोबरा के साथ संघर्ष किया। हालांकि, संघर्ष के बावजूद वो अपने सभी बच्चों को कोबरा के चंगुल से नहीं बचा पाई।

केवल एक बच्चे को बचा पाई मां
मामला ओडिशा के भद्रक इलाके में सतभाउनी बाजार का है, जहां एक घर में सीढ़ियों के नीचे ये पांच पिल्ले लेटे हुए थे। अचानक कहीं से एक कोबरा सांप आया और उसने इन पिल्लों पर हमला कर दिया। अपने बच्चों पर कोबरा का हमला देख, पास ही बैठी उनकी मां तुरंत वहां पहुंची और कोबरा से भिड़ गई। हालांकि कोबरा ने 4 पिल्लों को डस लिया, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। 10 मिनट तक साक्षात मौत से जूझने के बाद कुतिया केवल अपने एक बच्चे को ही बचा पाई।

वीडियो बनाया, लेकिन बचाया नहीं
कोबरा और कुतिया की इस लड़ाई को वहां मौजूद कई लोगों ने देखा, लेकिन दहशत के मारे किसी ने उन पिल्लों को बचाने की कोशिश नहीं की। कुछ लोगों ने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो भी बनाया। हालांकि इस दौरान भीड़ में से ही किसी एक शख्स ने सांपों को पकड़ने वाले मिर्जा आरिफ को फोन पर इस घटना के बारे में बताया और आरिफ ने मौके पर पहुंचकर कोबरा को अपने काबू में कर लिया। बाद में चारों मृत पिल्लों को दफना दिया गया।

छात्रा के बिस्तर पर पहुंचा कोबरा
आपको बता दें हाल ही में ओडिशा में ही कोबरा मिलने का एक और मामला समाने आया था। यहां एक 5 फीट लंबा कोबरा सांप गर्ल्स हॉस्टल में घुसकर एक छात्रा के रूम में पहुंच गया था। हालांकि समय रहते इस कोबरा को छात्रा की सहेली ने देख लिया और किसी तरह की कोई अनहोनी नहीं हुई। इसके बाद स्नेक कैचर की मदद से कोबरा सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications