सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर बोले चंद्रबाबू नायडू, कहा-'महिलाओं का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा'
Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने महिलाओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर हो रही चरित्र हत्या और मानहानि के प्रति गहरी चिंता व्यक्त की है। थल्लायपालेम गांव में कई बिजली परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान आयोजित एक जनसभा में उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही लापरवाह भाषा पर कड़ी आलोचना की। सीएम नायडू ने विशेष रूप से कहा कि न सिर्फ उनके और उनके परिवार पर बल्कि राज्य की गृह मंत्री वंगलापुडी अनिता पर भी अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल हैं। उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
मुख्यमंत्री ने इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कानूनी कार्रवाई की बात कही। जिसमें अंतरराष्ट्रीय कानूनों का भी सहारा लिया जाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ महिलाओं को बदनाम करना नहीं है और ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नायडू ने गठबंधन के सदस्यों को भी सावधान किया कि वे महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की अश्लील सामग्री से दूर रहें।

अपराध और कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री की चिंता
एन चंद्रबाबू नायडू ने तिरुपति जिले में हाल ही में घटित एक नाबालिग लड़की के बलात्कार और हत्या की घटना का भी जिक्र किया। जिसे उन्होंने गंभीर अपराध बताया। उन्होंने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण पाने और अपराधियों को खुला नहीं छोड़ने का आग्रह किया।
इसके अलावा सीएम नायडू ने कहा कि कुछ लोग राजनीति का इस्तेमाल अपराध करने और संपत्ति हड़पने के लिए कर रहे हैं। जबकि वे लोकतांत्रिक सिद्धांतों का झूठा आह्वान करते हैं। मुख्यमंत्री ने इस तरह की गतिविधियों पर कड़ा रुख अपनाने और इन्हें रोकने का संकल्प जताया।
यह बयान आंध्र प्रदेश में सोशल मीडिया के दुरुपयोग, महिलाओं के खिलाफ अपराधों की बढ़ती घटनाओं और राजनीति में बढ़ते अपराधीकरण के प्रति नायडू की चिंता को दर्शाता है।












Click it and Unblock the Notifications