अरुणाचल में चीनी 'घुसपैठ' पर भड़की कांग्रेस, कहा- राष्ट्रीय सुरक्षा पर इससे बड़ा छल ना हुआ ना होगा
अरुणाचल प्रदेश में चीनी 'घुसपैठ' पर भड़की कांग्रेस, कहा- राष्ट्रीय सुरक्षा पर इससे बड़ा छल ना हुआ ना होगा
नई दिल्ली, 21 नवंबर: मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी से अरुणाचल प्रदेश में चीन बॉर्डर की स्थिति पर स्पष्टीकरण देने को कहा है। अरुणाचल प्रदेश में चीन की घुसपैठ होने और भारतीय जमीन पर कब्जा कर गांव बसाए जाने की रिपोर्ट पर कांग्रेस ने जवाब मांगे हैं। पार्टी ने कहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा पर एक अभूतपूर्व संकट है और प्रधानमंत्री इससे बचने और इसे छुपाने की कोशिश में लगे हैं, जो बड़े सवाल पैदा करता है।

कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने रविवार को प्रेस वार्ता में कुछ तस्वीरें दिखाते हुए कहा, चीन 6 से 7 किलोमीटर भारत की सीमा में आ गया है। ये तस्वीरों में साफ दिख रहा है, कई गांव बस गए हैं। घरों की तस्वीर दिख रही हैं लेकिन पीएम चुप हैं। पीएम चुप्पी साधे हैं और दूसरी ओर झूठ के सहारे चीजों को छुपाने या अलग दिशा देने की कोशिश हो रही है।
सिंघवी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा पर देश की जनता के साथ इतना बड़ा छल-कपट ना कभी हुआ है और ना शायद आगे होगा। उन्होंने कहा कि अरुणाचल से आने वाले भारतीय जनता पार्टी के ही सांसद चीन की घुसपैठ की बात उठा चुके हैं लेकिन अपनी पार्टी के सांसद तक की मोदी नहीं सुन रहे हैं तो फिर क्या कहा जाए। सिंघवी ने सैटेलाइट से ली गई जो तस्वीरें दिखाई हैं, उनमें 60 नए ढांचों का निर्माण नजर आ रहा है।

पीएम को अपनी चुप्पी तोड़नी होगी
अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, भारत की संप्रभुता पर वार हो रहा है और पीएम एकदम चुप हैं, उनकी चुप्पी रहस्यमय है। प्रधानमंत्री को देश के सामने सही तथ्यों को रखते हुए साफ बोलना चाहिए। सामने आई तस्वीरों और रिपोर्ट्स से अब कुछ छुपा नहीं रह गया है, चीन का कब्जा बढ़ रहा है। अरुणाचल के नक्शे मे साफ है कि हमारी सीमा के अंदर निर्माण हुआ है। इस सबके बावजूद पीएम चुप हैं तो हम प्रधानमंत्री की चुप्पी की निंदा करते हैं। यह बिल्कुल अक्षम्य है।












Click it and Unblock the Notifications