क्या चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा किया? अखिलेश यादव के सवाल पर किरण रिजिजू ने दिया जवाब
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि 1962 के युद्ध के बाद से चीन ने भारतीय क्षेत्र में 'एक इंच भी' घुसपैठ नहीं की है। रिजिजू ने यह बात ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के अरुणाचल प्रदेश में चीनी अतिक्रमण के दावे का खंडन करने के लिए कही
रिजिजू ने कहा कि, 'रिकॉर्ड को सही करना जरूरी है। 1962 के बाद से चीन ने हमारी जमीन में एक इंच भी घुसपैठ नहीं की है और न ही अरुणाचल प्रदेश में कोई अतिरिक्त जमीन पर कब्ज़ा किया है। यह तथ्य स्पष्ट होना चाहिए।'

अखिलेश यादव के सवाल पर किरण रिजिजू ने दिया जवाब
उन्होंने कहा कि, 'जब अखिलेश यादव ने कहा कि चीन ने मेरे राज्य में घुसकर कब्जा कर लिया है, तो मुझे लगा कि इसे स्पष्ट करना जरूरी है। अरुणाचल में चीन के कब्जे वाला इलाका 1962 के युद्ध से पहले या उसके दौरान ही उसके नियंत्रण में था।'
अखिलेश यादव ने दिया था ये बयान
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत के सशक्त, सफल और निर्णायक ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में तीन दिवसीय विशेष चर्चा में भाग लेते हुए, कन्नौज से सपा सांसद अखिलेश यादव ने दावा किया कि चीन सरकार की नाक के नीचे सीमाओं पर अतिक्रमण कर रहा है, लेकिन कोई कड़ा जवाब नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि चीन वह 'राक्षस' है जो भारत की जमीन हड़प लेगा।
इसके तुरंत बाद, केंद्रीय मंत्री ने सांसद के दावों का जवाब देने के लिए हस्तक्षेप किया। रिजिजू ने कहा कि, रिकॉर्ड को सही करना जरूरी है। 1962 के बाद से, चीन ने हमारे क्षेत्र में एक इंच भी घुसपैठ नहीं की है और न ही किसी अतिरिक्त भूमि पर कब्जा किया है।
पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में सोमवार से तीन दिवसीय बहस शुरू हुई। भाजपा और उसके सहयोगियों ने पाकिस्तान की आतंकवाद-प्रायोजित ताकतों को दी गई निर्णायक कार्रवाई और करारा जवाब के लिए मोदी सरकार की सराहना की, और भारतीय सशस्त्र बलों की क्षमताओं पर संदेह जताने के लिए विपक्ष की आलोचना की।
सुरक्षा एजेंसियों को लेकर पूछा सवाल
दूसरी ओर विपक्षी दलों ने कथित सुरक्षा चूक और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम के दावे को लेकर केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सुरक्षा एजेंसियां पहलगाम हमले के पीछे के आतंकवादियों को क्यों नहीं पकड़ पा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications