लॉकडाउन: मुफ्त राशन लेने कांग्रेस विधायक के बंगले पर उमड़ी भीड़, MLA के खिलाफ केस दर्ज
रायपुर। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन है। इस लॉकडाउन के दौरान छत्तीसगढ़ के कांग्रेस विधायक शैलेश पांडेय ने मुफ्त राशन देने की घोषणा की थी, जिसके बाद बिलासपुर में उनके घर के सामने राशन लेने वालों की भीड़ गई। इसके बाद कांग्रेस विधायक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
Recommended Video

आरोप है कि विधायक ने धारा 144 लागू होने के बाद ऐसी घोषणा की जिससे लोगों की भीड़ लगी, इस तरह धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में शैलेश पांडेय के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। ये मामला रविवार का बताया जा रहा है। वहीं, पूरे मामले पर कांग्रेस विधायक की तरफ से सफाई भी दी गई है। शैलेश पांडेय ने कहा कि जब उन्होंने बंगले के बाहर भीड़ जमा होते देखा तो पुलिस को उन्हें हटाने के लिए कहा था।
विधायक ने कहा कि वे केवल जरूरतमंदों की मदद करने की कोशिश कर रहे थे और ऐसा करके उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को भीड़ को हटाना चाहिए था। बता दें कि छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के अभी तक 7 मामले सामने आए हैं जबकि पूरे देश में इस वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 1071 तक पहुंच गई है। जबकि इस वायरस के कारण देश में 29 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को कम करने के मद्देनजर लगाए गए लॉकडाउन के दौरान केवल जरूरी सेवाओं में लगे लोगों को बाहर जाने की इजाजत है। इस दौरान देशभर में बस, ट्रेन और विमान सेवाएं 14 अप्रैल तक रोक दी गई हैं। पीएम मोदी ने लोगों से अपने घरों में ही रहने की अपील की है। वहीं, केंद्र सरकार की तरफ से राज्य सरकारों को निर्देश दिया गया है कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराएं और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।












Click it and Unblock the Notifications