छत्तीसगढ़: भूपेश बघेल ने मजदूरों से मुलाकात कर मनाया नया साल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार (1जनवरी) को मजदूरों से मुलाकात कर नया साल मनाया। बघेल रायपुर कोतवाली के पास चावड़ी में मजदूरों के बीच पहुंचे और उन्हें मिठाईयां बांटकर नए साल की मुबारकबाद दी। इस दौरान उनके सामने शेड,शौचालय तथा शुद्ध पेयजल का मामला उठाया गया। इस पर सीएम बघेल ने बहुत जल्दी ही ये तमाम व्यवस्था ठीक कराने आश्वसन दिया।

भूपेश बघेल ने अधिकारियों को चावड़ी में मजदूरों के लिए शेड निर्माण, पेयजल, शौचालय निर्माण, सभी मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी देने का प्रावधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान यहां पहुंचे छात्र-छात्राएं भी सीएम बघेल के साथ फोटो लेते दिखे। बघेल ने प्रदेशवासियों को नए साल की बधाई दी है। इससे पहले 31 दिसंबर की शाम को भी बघेल ने कई कार्यक्रमों में शिरकत कर प्रदेश के लोगों को नए साल की बधाई दी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी कलेक्टरों को पत्र लिखकर नए साल पर उन्हें राज्य सरकार की प्राथमिकताओं से भी अवगत कराया है। भूपेश बघेल ने कहा है कि राज्य के नागरिकों को जनोपयोगी सेवाएं समय-सीमा में उपलब्ध कराना राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा 200 से अधिक नागरिक सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में जनसामान्य को उपलब्ध कराने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications