चन्नी के भतीजे की गिरफ्तारी पर भड़की कांग्रेस, कहा- सीएम दलित हैं, इसलिए परेशान कर रही है BJP
कांग्रेस ने कहा है कि पंजाब सरकार पर दबाव बनाने के लिए यह कार्रवाई की गई है।
चंडीगढ़, 4 फरवरी: अवैध रेत खनन मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के तहत मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे भूपिंदर सिंह हनी की गिरफ्तारी के बाद पंजाब की सियासत गर्मा गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को दिनभर चली 8 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद देर रात भूपिंद सिंह हनी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को घेरा है। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि यह पूरी तरह से एक राजनीतिक गिरफ्तारी है और दलित होने की वजह से चरणजीत सिंह चन्नी को परेशान किया जा रहा है।
Recommended Video

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे की गिरफ्तारी पर शुक्रवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'यह पूरी तरह से एक राजनीतिक गिरफ्तारी है, जो दबाव बनाने के मकसद से की जा रही है। अगर इस तरह के मामले में कार्रवाई होनी थी, तो 4-5 महीने में हो जानी चाहिए थी, ऐसी कार्रवाई एक दिन में नहीं होती है। यह सब जानबूझ कर किया जा रहा है। चूंकि चरणजीत सिंह चन्नी अनुसूचित जाति के मुख्यमंत्री हैं, इसलिए वे उन्हें परेशान करना चाहते हैं और उनका मनोबल गिराना चाहते हैं।'
'सीएम चन्नी ने 111 दिनों में करप्शन में कमाल कर दिया'
वहीं, दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मामले को लेकर सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के ऊपर निशाना साधा है। अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'इस तरह का करप्शन करने में लोगों को 4-5 साल लग जाते हैं, लेकिन पंजाब के सीएम ने केवल 111 दिनों में ये कमाल करके दिखा दिया। उन्होंने इतना करप्शन कर डाला...ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। पंजाब के लोग सब देख रहे हैं और एक ईमानदार सरकार चाहते हैं।'
अगला नंबर चन्नी का- बिक्रम सिंह मजीठिया
शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को इस मामले में घेरते हुए कहा, 'मैंने पहले भी कहा था कि ये केवल तीन लोगों की कहानी है- चन्नी, हनी और मनी। मनी पहले ही जब्त की जा चुकी है, अब हनी पकड़ा गया है और अगला नंबर चन्नी का है।'












Click it and Unblock the Notifications