चंद्रबाबू नायडू की प्रधानमंत्री मोदी से अपील, विजाग स्टील प्लांट के निजी हाथों में मत दीजिए
विजाग स्टील प्लांट के निजीकरण के विरोध में चंद्रबाबू नायडू की पीएम मोदी को चिट्ठी
विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने विशाखापट्टनम स्टील प्लांट के प्रस्तावित निजीकरण के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है। टीडीपी प्रमुख नायडू ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी में कहा है कि विशाखापट्टनम स्टील प्लांट को निजी हाथों में सौंपने के अपने फैसले पर वो फिर से विचार करें और इसे रोक दें।

बता दें कि केंद्र सरकार ने विशाखापट्टनम स्टील प्लांट (विजाग स्टील प्लांट के नाम से भी जाना जाता है) को निजी हाथों में सौंप रही है। केंद्र सरकार ने स्टील प्लांट का 100 फीसदी हिस्सा बेचने और स्टील प्लांट प्रबंधन की जिम्मेदारियों से भी पूरी तरह से हटने का फैसला लिया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल इकोनॉमिक अफेयर्स ने हाल ही में इसकी औपचारिक मंजूरी दी है। इसको लेकर विशाखापट्टनम और आंध्र प्रदेश में काफी विरोध हो रहा है।
तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के अलावा राज्य में सत्ताधारी वाईएसआर कांग्रेस ने भी इसका विरोध किया है। वायएसआर कांग्रेस पार्टी के महासचिव और राज्यसभा सदस्य विजय साई रेड्डी ने शनिवार को राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के प्रस्तावित निजीकरण के विरोध में 25 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली।
राजनीतिक दलों के अलावा मजदूर संगठनों ने भी केंद्र सरकार के फैसले की निंदा की है और कहा कि केंद्र सरकार के इस निर्णय के खिलाफ आंदोलन करेंगे। बता दें कि राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (विशाखापट्टनम स्टील प्लांट) में 18,000 स्थायी और 20,000 ठेका कर्मचारी हैं। यह प्लांट लगभग 22,000 एकड़ में फैला है।












Click it and Unblock the Notifications