पहलगाम हमले के बीच Chandrababu Naidu का PM Modi को समर्थन, कहा,'मोदीजी, पूरा देश आपके साथ है'
Chandrababu Naidu: आंध्र प्रदेश की प्रस्तावित राजधानी अमरावती के पुनः शुभारंभ समारोह में एक आश्चर्य और अद्भुत करने वाला क्षण देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अपने संबोधन में हिंदी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद इस समारोह का आयोजन हुआ, जहां नायडू ने अपने संबोधन में हिंदी में कहा, "मोदीजी हम आपके साथ हैं, आंध्र प्रदेश के 5 करोड़ लोग आपके साथ हैं, पूरा देश आपके साथ है।"

Chandrababu Naidu: हम केंद्र सरकार के साथ
मुख्यमंत्री की यह घोषणा सुनते ही पूरे पंडाल में तालियों की गड़गड़ाहट और "वंदे मातरम्" के नारों की गूंज सुनाई दी। यह दृश्य राष्ट्रीय एकता और सहानुभूति का प्रतीक बन गया। मुख्यमंत्री नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि "हाल ही में देश ने एक बड़ा दर्द झेला है। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले ने हर भारतीय को आहत किया है, फिर भी प्रधानमंत्री मोदी ने आज अमरावती के इस समारोह में भाग लिया। यह उनकी अडिग प्रतिबद्धता और राष्ट्र के प्रति निष्ठा का परिचायक है।"
नायडू ने आगे कहा कि केंद्र सरकार को आतंकवाद के विरुद्ध सख्त कदम उठाने चाहिए और आंध्र प्रदेश सरकार ऐसे सभी निर्णयों में केंद्र का समर्थन करेगी।
Chandrababu Naidu: 'भारत सुरक्षित हाथों में है', सीएम नायडू
मुख्यमंत्री ने जब "वंदे मातरम्" के नारे लगाने के लिए जनसमूह को प्रेरित किया, तो पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इन नारों में गर्व के साथ भाग लिया, जिससे यह पल और भी ऐतिहासिक बन गया।
अपने संबोधन में चंद्रबाबू नायडू ने हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा लिए गए जातीय जनगणना के फैसले की भी सराहना की। उन्होंने कहा, "कल ही कैबिनेट में एक ऐतिहासिक निर्णय हुआ जातीय जनगणना। इससे यह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री मोदी सामाजिक असमानताओं को खत्म करना चाहते हैं। मुझे खुशी है कि आप देश को एकजुट करने की दिशा में काम कर रहे हैं।"
उन्होंने आगे जोड़ा, "इस निर्णय से भारत सुरक्षित महसूस करता है। और मुझे पूरा विश्वास है कि आपके नेतृत्व में भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा।"
अमरावती को भारत की एक आधुनिक राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में मुख्यमंत्री नायडू ने भरोसा दिलाया कि अगले तीन वर्षों में यह कार्य पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह किया कि तीन साल बाद जब अमरावती पूरी तरह से तैयार होगी, तब आप पुनः आइए और इस भव्य राजधानी का उद्घाटन कीजिए। हम इसे समय पर पूरा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications