चंडीगढ़ नगर निगम में खिला कमल, मेयर के तीनों पदों पर बीजेपी का कब्जा
चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत के बाद पार्टी को करारा झटका लगा है। चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर के चुनाव में बीजेपी ने कमाल किया है। बीजेपी ने मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर तीनों पदों पर शानदार जीत दर्ज की है। 27 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में देवेश मोदगिल ने मेयर पद पर जीत दर्ज की है। गुरप्रीत सिंह ढिल्लन सीनियर डिप्टी मेयर और विनोद अग्रवाल डिप्टी मेयर बने हैं। चुनाव कार्यलय ने वोटों की गिनती के बाद इस बात का ऐलान किया।

देवेश मोदगिल 22वें मेयर होंगे
देवेश मोदगिल चंडीगढ़ नगर निगम में 22वें मेयर होंगे। मुद्गल को 22 वोट मिले हैं जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के देविंदर सिंह बाबला को 5 वोट मिले हैं। सीनियर डिप्टी मेयर के पद पर गुरप्रीत सिंह ढिल्लन को भी 21 वोट मिले हैं, उनकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की शीला फूल सिंह को 6 वोट मिले हैं।

चंडीगढ़ नगर निगम में बीजेपी के 20 काउंसलर हैं
डिप्टी मेयर के पद पर विनोद अग्रवाल को 22 वोट आए हैं। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार रविंदर कौर को महज 4 वोट मिले हैं। 27 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में बीजेपी के 20 काउंसलर हैं। कांग्रेस के 4 और शिरोमणि अकाली दल के एक, एक निर्दलीय और एक वोट चंडीगढ़ से बीजेपी सांसद किरण खेर का है।

कांग्रेस के लिए बड़ा झटका
भले ही आंकड़ों में बीजेपी का संख्या बल दमदार रहा, बावजूद इसके बड़े ट्विस्ट के बाद बीजेपी को जीत मिली। हालांकि ऐसी खबरें हैं कि क्रॉस वोटिंग भी हुई, बावजूद इसके बीजेपी मेयर चुनाव जीतने में कामयाब रही।












Click it and Unblock the Notifications