विपक्ष के नेता अधीर रंजन ने की मोदी सरकार के प्रयासों की तारीफ, बोले भारत ग्लोबल लीडर बन सकता है
नई दिल्ली। लोकसभा में कांग्रेस के नेता और पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट से सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए केंद्र और राज्यों की सरकारें अच्छा काम कर रही हैं। साथ ही डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ बाकी दुनिया के मुकाबले भारत में कमाल का काम किया है। चौधरी ने कहा कि जिस तरह से अब तक देश इस बीमारी से निपटा है उसको देखते हुए अगर कोरोना संकट से भारत बाहर निकलता है भारत ग्लोबल लीडर भी बन सकता है।
Recommended Video

भारत दूसरे देशों से आगे निकल जाएगा
सोमवार को चौधरी ने कहा, COVID-19 से लड़ने के लिए भारत में जहां 130 करोड़ आबादी है वहां सरकार, राज्य सरकार, डॉक्टर और बाकी प्रतिष्ठानों ने अच्छा काम किया है। जब हम अमेरिका, यूरोप को देखते हैं तब पता चलता है कि हम उन लोगों से काफी आगे निकल चुके हैं। अगर इसी मौके को यही ढंग से हमने इस्तेमाल किया तो भारत आगे निकल जाएगा। आने वाले दिनों में भारत रैंकिंग में कहां से कहां पहुंच जाएगा। अगर हम कोरोना से लड़ने के लिए ऐसे ही ठोस कदम उठाते रहे तो आने वाले दिनों में भारत एक मॉडल देश के रूप में उभरने की संभावना है।
प्रवासी मजदूरों को लेकर पीएम को चिट्ठी
इससे पहले रविवार को अधीर रंजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर मांग की थी कि देश के विभिन्न भागों में फंसे प्रवासी मजदूरों को लॉकडाउन खत्म होने के बाद उनके गंतव्य स्थानों तक मुफ्त में यात्रा करने की इजाजत देने का रेलवे को निर्देश दिया जाए। उन्होंने रमजान के महीने को देखते हुए विशेष तौर पर ट्रेन चलाने का अनुरोध किया है। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी कई चिट्ठी लिखकर कोरोना के खिलाफ जंग में सुझाव दे चुकी हैं। वहीं राहुल गांधी भी लगातार इस पर अपनी बात रख रहे हैं।

देश में बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या 28 हजार के करीब
कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या अब 28 हजार के करीब पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या सोमवार सुबह तक 27,892 हो गई है और 872 लोगों की मौत हुई है। वहीं दुनियाभर में कोरोना से 2 लाख से ज्यादा मौत हो चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications