दिल्ली: कोरोना वायरस से CRPF के एक जवान की मौत, पिछले सप्ताह मिला था पॉजिटिव
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है, अब तक देश में महामारी से मरने वालों की संख्या 937 हो चुकी है। कोरोना वायरस से दिल्ली के एक अस्पताल में आज (मंगलवार) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक जवान की भी मौत हो गई है। सुरक्षाकर्मी में पिछले सप्ताह ही कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया था जिसके बाद उसे दिल्ली के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार को उसका निधन हो गया है। जवान के निधन की पुष्टि सीआरपीएफ ने की है।

कोरोना संक्रमण से मरने वाले सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) रैंक के अधिकारी को कोरोना वायरस संक्रमित पाए जाने के बाद कुछ दिनों पहले सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह दिल्ली में 31वीं बटालियन में तैनात थे। इसी बटालियन के 23 अन्य सुरक्षाकर्मियों को एक अन्य कर्मी द्वारा कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि सीएपीएफ या अर्धसैनिक बलों के लगभग 10 लाख कर्मियों में से कोरोना के कारण यह पहली मौत है।
दूसरी ओर भारत दिल्ली के स्वास्थ्य कर्मियों को लेकर एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। स्वास्थ्य की तरफ से मंगलवार को बताया गया कि दिल्ली में 4.11 फीसदी हेल्थ वर्कर जिसमें, 13 पारामेडिक्स, 26 नर्स, 24 क्षेत्र कार्यकर्ता, 33 डॉक्टर सहित COVID-19 से प्रभावित हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने इसे चिंताजनक कहा है और वर्तमान में दिल्ली में लगभग 100 हॉटस्पॉट हैं, यह संख्या कम होनी चाहिए।
गौरतलब है कि भारत में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 29,974 हो गई है। अब तक 937 मौतें हुई हैं। इस समय 22010 एक्टिव केस हैं यानि इन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 7027 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। दुनियाभर में इसके मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दुनियाभर में अब तक कोरोना से 30 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं तो वहीं अब तक दो लाख से अधिक लोगों की मौत हो गई है।
यह भी पढ़ें: कोरोना वायरस: खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए एयर इंडिया और नौसेना ने कर ली पूरी तैयारी












Click it and Unblock the Notifications