12 निलंबित सांसदों का सस्पेंशन सोमवार को होगा रद्द? सरकार ने विपक्षी दलों की बुलाई मीटिंग
नई दिल्ली, दिसंबर 19। राज्यसभा से निलंबित चल रहे विपक्षी दलों के 12 सांसदों को लेकर सोमवार को कोई बड़ा फैसला हो सकता है। दरअसल, केंद्र सरकार ने कल सुबह संसद भवन में सुबह 10 बजे एक अहम मीटिंग बुलाई है। इस बैठक में उन विपक्षी दलों के नेताओं को बुलाया गया है, जिनके सांसदों को निलंबित किया गया था। जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार की तरफ से इन दलों को एक चिट्ठी भेजी गई है।

कांग्रेस समेत 4 विपक्षी दल मीटिंग में होंगे शामिल
बताया जा रहा है कि ये मीटिंग पार्लियामेंट लाइब्रेरी बिल्डिंग में होगी। इस बैठक में कांग्रेस समेत चार विपक्षी दलों को बुलाया गया है। इनमें टीएमसी, सीपीआई, सीपीआई (एम) और शिवसेना शामिल है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इन पार्टियों को कल की मीटिंग के लिए निमंत्रण भेजा है। आपको बता दें कि 12 सांसदों के निलंबन को रद्द करने के लिए विपक्षी दल लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
संजय राउत ने की है निमंत्रण की पुष्टि
केंद्र सरकार की तरफ से इस बैठक में निमंत्रण मिलने की पुष्टि शिवसेना सांसद संजय राउत ने की है। उन्होंने कहा है, "प्रह्लाद जोशी ने मुझे चार राजनीतिक दलों - कांग्रेस, टीएमसी, सीपीआई (एम) और सीपीआई के नेताओं के साथ बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया है, जिनके राज्यसभा सांसदों को निलंबित कर दिया गया था।" आपको बता दें कि निलंबित सांसदों में शिवसेना के भी 2 सांसद हैं।
सरकार की बैठक से पहले मल्लिकार्जुन खड़गे लेंगे फैसला
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, केंद्र सरकार की इस बैठक से पहले राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक मीटिंग बुलाई है, जिसमें चारों दल के नेता शामिल होंगे। ये बैठक पौने 10 बजे बुलाई गई है। इस बैठक में सरकार के निमंत्रण पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। हो सकता है कि सरकार के इस निमंत्रण को खारिज भी कर दिया जाए, क्योंकि विपक्ष ने ये दावा किया था कि उनका विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक कि 12 सांसदों का निलंबन रद्द नहीं कर दिया जाता।












Click it and Unblock the Notifications