चुनाव में प्रचार करने वाले स्टार की फिल्मों पर क्या चुनाव आयोग लगा सकता है प्रतिबंध? जानें क्या है नियम
एक्टर किसी पार्टी का प्रचार करता है तो क्या चुनाव आयोग उसकी फिल्मों पर रोक लगा सकता है, जानिए क्या है नियम

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कन्नड़ा सुपर स्टार किच्चा सुदीप की एंट्री से बवाल मच गया है। भाजपा और कर्नाटक सीएम बोम्मई के समर्थन में चुनाव प्रचार में किच्चा के उतरने से दोनों विपक्षी पार्टी कांग्रेस और जनता दल (सेक्यूलर) घबराई हुई नजर आ रही है। कांग्रेस ने जहां किच्चा सुदीप के बोम्मई का प्रचार करने पर कटाक्ष किया है वहीं जेडीएस ने एक्टर किच्चा की फिल्मों और विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग तक कर डाली है।
जेडीएस ने चुनाव आयोग को लिखे हुए पत्र में लिखा है कि भाजपा के स्टार प्रचारक कन्नड़ अभिनेता किच्चा सुदीप की फिल्मों और विज्ञापनों पर चुनाव के अंत तक प्रतिबंध लगा दिया जाए।
जेडीए ने इसके पीछे तथ्य दिया है कि चुनाव के दौरान किच्चा सुदीप की फिल्में, विज्ञापन, पोस्टर आदि वोटों को प्रभावित कर सकते हैं क्योंकि उन्हें वर्तमान में भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में मान्यता प्राप्त है।
अब ये सवाल उठता है कि चुनाव आयोग के पास ऐसा कोई अधिकार या कोई चुनाव संबंधी नियम है जिसके तहत वो किसी भी पार्टी का प्रचार करने वाले स्टार प्रचारक की फिल्मों और विज्ञापनों पर चुनाव संपन्न होने तक प्रतिबंध लगा सकता है या नहीं?
वरिष्ठ पत्रकार प्रद्युम्न तिवारी ने कहा कन्नड़ सुपरस्टार किच्चा सुदीप से पहले कई एक्टर और एक्ट्रेस चुनावों में विभिन्न पार्टियों के स्टार प्रचारक के तौर पर नजर आ चुके हैं। राजनीतिक पार्टियां चुनाव के दौरान वोटरों को प्रभावित करने और भीड़ को लुभाने के लिए अपनी रैलियों और प्रचार में फिल्मी दुनिया के बेहतरीन एक्टर और एक्ट्रेस को करते आए हैं।
उन्होंने कहा कर्नाटक चुनाव में भाजपा और बोम्मई के प्रचार से अगर एक्टर किच्चा जुड़े हैं तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है ना ही चुनाव आयोग के नियमों के खिलाफ है और ना ही चुनाव आचार संहिता का ये कोई उलंघन है। किच्चा केवल भाजपा का प्रचार कर रहे हैं उन्होंने पार्टी ज्वाइन नहीं की है।
वहीं वरिष्ठ पत्रकार योगेश श्रीवास्तव ने कहा चुनाव के दौरान रैलियों में भीड़ एकत्र करने का राजनीतिक दलों का ये पुराना नुस्खा है। राज्य के चुनाव हो या फिर लोक सभा चुनाव हो उनमें राजनीतिक दलों का कई फिल्म स्टार प्रचार करते आए हैं।
उन्होंने कहा ये ना ही नियम विरुद्ध है और ना ही चुनाव आयोग के पास ऐसा कोई अधिकार है कि वो जेडीएस की मांग के मद्देनजर एक्टर किच्चा की किसी फिल्म या विज्ञापन पर रोक लगाए। जेडीएस की एक्टर किच्चा की फिल्मों को चुनाव तक प्रतिबंधित करने की मांग बेवजह ही है।












Click it and Unblock the Notifications