CAA Protest: जिन्होंने तोड़फोड़ की है, उनकी संपत्ति सीज करके नुकसान वसूलेंगे: योगी आदित्यनाथ
लखनऊ। नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ उत्तर प्रदेश में कई जगह पर उग्र धरना प्रदर्शन हुआ। लखनऊ में कई जगह पर लोगों ने जमकर उत्पात मचाया। कई पुलिस चौकी, गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। प्रदेश में नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ हुई हिंसा पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैंने विरोध प्रदर्शन को देखते हुए इस मसले पर बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप प्रदर्शन के नाम पर हिंसा नहीं कर सकते हैं।

Recommended Video
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग प्रदर्शन के नाम पर हिंसा फैला रहे हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों ने संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है उनकी संपत्ति की सीज किया जाएगा और उनसे हुए नुकसान की भरपाई कराई जाएगी, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि लखनऊ के कई इलाकों में हिंसा फैल गई है। उपद्रव के दौरान दो पुलिस चौकी भी जला दी गई, जबकि बाहर खड़े वाहनों को फूंक दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने लखनऊ के डालीगंज और हजरतगंज इलाके में जमकर उत्पात मचाया। इलाके में जमकर तोड़फोड़ और पथराव हुआ। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान उपद्रवियों ने मीडिया के ओबी वैन को भी आग के हवाले कर दिया।
लखनऊ के डालीगंज इलाके में गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने पथराव और तोड़फोड़ की। हिंसक विरोध प्रदर्शन के दौरान ठाकुरगंज में फायरिंग भी हुई है। हालांकि इसमें किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। प्रदर्शन के दौरान दो पुलिस चौकी को भी निशाना बनाया गया। मदेयगंज के बाद ठाकुरगंज स्थित सतखंडा चौकी फूंकी गई। चौकी के बाहर खड़े वाहनों को भी फूंक दिया गया। खदरा इलाके में भी तोड़फोड़ और आगजनी हुई और यहां उपद्रवियों ने कई गाड़ियों में आग लगा दी।












Click it and Unblock the Notifications