बीजेपी सांसद बोले- बुलंदशहर में इज्तेमा के कारण हालात हुए खराब
नई दिल्ली। बुलंदशहर में फैली हिंसा को लेकर सियासत शुरू होती दिखाई दे रही है। हिंसा को लेकर बुलंदशहर के बीजेपी सांसद भोला सिंह का बयान आया है। भोला सिंह ने कहा कि सामान्यतया, जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर कोई दिक्कत नहीं होती है। लेकिन पुलिस को इज्तेमा को लेकर अंधेरे में रखा गया। इसके कारण वहां हालात खराब हुए और इसी वजह से बुलंदशहर में हिंसा भड़की।

इसके पहले समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने भी बयान दिया था कि एसआईटी को इस बात की जांच भी करनी चाहिए कि आखिर इस काबिले एतराज गोश्त को यहां लाया कौन, यह काम किसने किया था। जबकि उस इलाके में अल्पसंख्यकों की आबादी नहीं है। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी घटना पर दुख जताया था और साथ ही कहा था कि उत्तर प्रदेश भाजपा के शासनकाल में हिंसा और अराजकता के दुर्भाग्यपूर्ण दौर से गुजर रहा है।
बता दें कि गोकशी की खबर के बाद बुलंदशहर में हिंसा फैल गई थी और इसी दौरान एक पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और 20 साल के एक युवक सुमित की जान चली गई। इस मामले में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अभी तक ये पता नहीं चला है कि वो किस संगठन से जुड़े हैं। मुख्य आरोपी योगेश राज अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसे पकड़ने की कोशिश में पुलिस जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications