बसपा सुप्रीमो से खाली कराया गया लुटियंस का टाइप VIII बंगला, अब छोटे बंगले में रहेंगी
दिल्ली, 30 मई। बसपा सुप्रीमो मायावती अब संसद की सदस्य नहीं हैं, ऐसे में उन्हें दिल्ली के लुटियन स्थित सरकारी बंगले को खाली करना होगा। मायावती को लुटियंस दिल्ली में Type VIII बंगला आवंटित किया गया था, लेकिन अब मायावती संसद के दोनों सदन का हिस्सा नहीं हैं लिहाजा उन्हें इस बंगले को खाली करना होगा। संसद सदस्य नहीं होने के बाद भी मायावती के पास यह बंगला था। इस बंगले को यूपीए सरकार ने मायावती को आवंटित किया था, जब अप्रैल 2012 में मायावती राज्यसभा सांसद बनी थीं। 2017 में मायावती ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन इसके बाद से ही यह बंगला मायावती के पास ही था।

बता दें कि Type VIII बंगले सबसे बड़े और वीआईपी होते हैं जिसे शीर्ष स्तर के सरकारी बंगले के तौर पर जाना जाता है, इसे खासकर मौजूदा मंत्रियों और सुप्रीम कोर्ट के जजों को दिया जाता है। पिछले कुछ महीनों से मौजूदा सरकार सरकारी बंगलों को लेकर काफी सक्रिय है और जो लोग इसके अधिकृत नहीं हैं उनसे ये बंगले खाली कराए जा रहे हैं। यहां तक कि उन भाजपा सांसदों से भी ये बंगले खाली करा लिए गए हैं जो अब मंत्री नहीं हैं। सूत्रों के मुताबिक बसपा सुप्रीमो से पिछले हफ्ते ही बंगला खाली करा लिया गया है, उन्हें इसकी जगह दूसरा वैकल्पिक आवास दिया गया है, जोकि लोदी स्टेट में हैं और यह काफी छोटा है। यह बंगला उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते दिया गया है।
सरकार के एक करीबी सूत्र ने बताया कि मायावती ने बंगले को खाली कर दिया है और अब वह 29 लोदी स्टेट में रहेंगी जोकि टाइप 6 बंगला है। बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा इस बंगले में रहते हैं। गौर करने वाली बात है कि सतीश चंद्र मिश्रा का कार्यकाल इसी साल अप्रैल माह में खत्म हो गया था। 2013 में यूपी सरकार ने दिल्ली गुरुद्वारा रकाबगंज रोड स्थित मायावती के बहुजन प्रेरणा ट्रस्ट के बगल के बंगले को मायावती को आवंटित कियाथा। जिसे बाद में प्रेरणा स्थल से ही मिलाकर बसपा के संस्थापक काशी राम के मेमोरियल में तब्दील कर दिया गया था।
बता दें कि इससे पहले Type VIII बंगला राज्यवर्धन सिंह राठौर से खाली कराया गया था। इसके अलावा भाजपा सांसद पीसी सारंगी, राम शंकर कठेरिया, रतन लाल कटारिया से भी बंगला खाली कराया गया था। रमेश पोखरियाल से भी Type VIII बंगला खाली कराया गया था। इसके अलावा राम विलास पासवान को भी Type VIII बंगला खाली कराया गया था।












Click it and Unblock the Notifications