जिस BSF जवान को अधिकारी बता रहे अनुशासनहीन, उसे गोल्ड मेडल समेत मिल चुका है 16 बार सम्मान
गुरुवार को बीएसएफ के इस जवान ने सोशल मीडिया पर चार वीडियो डाले थे। जिसके बाद यह सभी वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए और देश की मीडिया ने भी ये वीडियो दिखाए।
नई दिल्ली। गुरुवार को सोशल मीडिया पर बीएसएफ के एक जवान ने चार वीडियो डाले थे। जवान ने अपने इन वीडियो के जरिए शिकायत की कि उन्हें बहुत ही खराब खाना मिलता है और पेट भर भी नहीं दिया जाता। इस जवान का नाम है तेज बहादुर यादव। जवान द्वारा वीडियो मैसेज सोशल मीडिया पर डाले जाने के बाद अब इस कदम को अनुशासनहीनता बताया जा रहा है और कहा जा रहा है कि अपने शिकायत को अधिकारियों को बताया चाहिए था न कि सोशल मीडिया पर इस तरह से मैसेज डालना चाहिए। वहीं दूसरी ओर, बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि तेज बहादुर यादव पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के कई मामले चल रहे हैं।

बीएसएफ के जवान तेज बहादुर ने इन सभी आरोपों पर सफाई भी दी है। उन्होंने एक मीडिया चैनल को दिए जवाब में कहा है कि इसकी सूचना उन्होंने अपने कमांडेंट को पहले ही दी थी, लेकिन बार-बार कहने के बावजूद कोई भी एक्शन नहीं लिया गया, जिसके बाद मजबूर होकर उसे यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालना पड़ा। उन्होंने कहा कि अगर वह इतने ही गलत हैं तो उन्हें अवार्ड क्यों दिए गए हैं। तेज बहादुर के अनुसार उन्हें अब तक 16 बार सम्मानित किया जा चुका है और एक बार तो उन्हें गोल्ड मेडल भी मिल चुका है। तेज बहादुर ने भी यह माना कि उन्होंने अपने करियर में कुछ गलतियां की हैं, लेकिन उनका कहना है कि वह बाद में उनमें सुधार भी कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें- जवान तेज बहादुर यादव के वीडियो पर BSF ने दिया बयान, कहा- वो पहले से ही करता रहा है नियमों का उल्लंघन
गुरुवार को बीएसएफ के इस जवान ने सोशल मीडिया पर चार वीडियो डाले थे। इनमें से एक वीडियो में उन्होंने अपनी खराब स्थिति और उन्हें होने वाली परेशानियों के बारे में बताया था, जबकि बाकी की तीन वीडियो में सेना के जवानों को दिए जाने वाले खराब खाने को दिखाया था। इसके बाद यह सभी वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए और देश की मीडिया ने भी ये वीडियो दिखाए। इन वीडियो के आने के बाद अब सरकार की तरफ से जांच के आदेश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications