Braj Mandal Yatra: हाई अलर्ट पर नूंह, मांस से लेकर ड्रोन तक पर रोक, इंटरनेट-मोबाइल सेवा भी बंद
Braj Mandal Yatra: बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर हरियाणा का नूंह जिला एक बार फिर से सुरक्षा के घेरे में आ गया है। 2023 में इसी यात्रा के दौरान हुई हिंसा को देखते हुए इस बार प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पिछली बार की घटनाएं अब भी लोगों की यादों में ताजा हैं, जब यात्रा के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई थी और कई लोगों की जान चली गई थी। इसे दोहराने से रोकने के लिए सरकार ने इस बार सख्त कदम उठाए हैं।
इस बार बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं सोमवार को जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। धार्मिक यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए नॉन-वेज पर रोक से लेकर ड्रोन उड़ाने तक तमाम गतिविधियों पर पाबंदियां लगाई गई हैं।

इंटरनेट और SMS सेवा पर रोक
हरियाणा सरकार ने बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा से पहले नूंह जिले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। कानून व्यवस्था को देखते हुए रविवार रात से पूरे जिले में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं बंद कर दी गई हैं। ये पाबंदी सोमवार रात 9 बजे तक जारी रहेगी। हालांकि, बैंकिंग, मोबाइल रिचार्ज और वॉइस कॉल से जुड़ी SMS सेवाएं चालू रहेंगी।
ये भी पढ़ें: UP school: प्रदेश में 50 से कम छात्रों वाले स्कूल अब होंगे पास के स्कूलों में शामिल, याचिकाएं कर दी गईं खारिज
सोमवार को सभी स्कूल रहेंगे बंद
सरकार ने यात्रा के चलते 14 जुलाई, सोमवार को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। जिला उपायुक्त विष्राम कुमार मीणा ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी को इस आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यात्रा मार्ग पर नॉन-वेज पर पाबंदी
नूंह प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर मांस, मछली जैसे नॉन-वेज खाद्य पदार्थों की बिक्री, प्रदर्शन या सार्वजनिक रूप से लटकाने पर रोक लगा दी है। यह पाबंदी सोमवार सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक लागू रहेगी। यह आदेश नलहड़ महादेव मंदिर से झिरकेश्वर महादेव मंदिर (फिरोजपुर झिरका) और सिंगार गांव के सिंगार मंदिर तक के पूरे मार्ग पर लागू होगा। धार्मिक स्थलों के पास की दुकानों और खाने की जगहों पर भी यह रोक रहेगी।
ड्रोन और पतंग उड़ाने पर भी रोक
सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने ड्रोन, माइक्रोलाइट, ग्लाइडर, एयरक्राफ्ट, पावर ग्लाइडर, हॉट एयर बलून, पतंगबाजी और आतिशबाज़ी पर भी रोक लगा दी है। ये रोक यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा में चूक को रोकने के लिए लगाई गई है।
पिछले साल की हिंसा के बाद सतर्कता
यह सभी प्रतिबंध 2023 में यात्रा के दौरान हुई हिंसा को देखते हुए लगाए गए हैं। उस समय विश्व हिंदू परिषद की यात्रा पर हमला हुआ था, जिसमें दो होम गार्ड सहित पांच लोगों की जान चली गई थी। गुरुग्राम की एक मस्जिद में एक नायब इमाम की हत्या कर दी गई थी और कई जगह आगजनी की घटनाएं भी हुई थीं। इन झड़पों में करीब 200 लोग घायल हुए थे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और अफवाहों से बचें। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
ये भी पढ़ें: July School Holidays: जुलाई में कब-कब बंद रहेंगे स्कूल, किस दिन होगी मुहर्रम की छुट्टी? देखें पूरा शेड्यूल












Click it and Unblock the Notifications