गुड़गांव के पॉश इलाके डीएलएफ के आस-पास तीन जगहों पर बम की खबर
गुड़गांव। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुडगांव के पॉश इलाके डीएलएफ एरिया में तीन जगहों पर बम प्लांट किए जाने की खबर है। खबर मिलते ही पुलिस ने तीनों जगहों को खाली करा लिया है। जानकारी के मुताबिक गुड़गांव पुलिस को बुधवार शाम को हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, व्यापार केंद्र समेत तीन जगहों पर बम होने की यह खबर मिली। इन स्थानों को पुलिस ने फौरन अपने कब्जे में ले लिया और बम निरोधक टीम को बुला लिया गया।

गुड़गांव के ज्वाइंट सीपी के नेतृत्व में छानबीन की गई तो पता चला कि किसी ने दहशत फैलाने के लिए अफवाह का सहारा लिया था। गौरतलब है कि गुड़गांव से दिल्ली, नोएडा तथा गाजियाबाद जाने वाले मेट्रो सभी यात्री यही से सफर करते हैं। शाम को इस स्टेशन पर दफ्तर से लौटने वाले यात्रियों की भीड़ सबसे ज्यादा होती है। लिहाजा फौरन मेट्रो स्टेशन पर आने वालों लोगों पर भी रोक लगा दी गई थी जिसे छानबीन के बाद खोल दिया गया।
इस अफवाह के बाद दिल्ली और एनसीआर में हाई अलर्ट कर दिया गया है। क्योंकि देश की सुरक्षा एजेंसियों ने आगाह किया है कि आतंकवादी दिल्ली को अपना निशाना बना सकते हैं। मालूम हो कि मंगलवार को ही आतंकवादियों ने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के पेशावर शहर स्थित एक आर्मी स्कूल पर हमला बोल दिया था। इस हमले में 132 बच्चों सहित 141 लोगों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications