दिलीप कुमार के निधन से टूटीं लता मंगेशकर, राखी की फोटो शेयर कर लिखा- अपनी छोटी बहन को छोड़कर...
मुंबई, जुलाई 07: हिंदी सिनेमा के ट्रेजडी किंग' दिलीप कुमार हमारे बीच में नहीं रहे। उनके जाने से हर कोई शोक में हैं। दिलीप कुमार के निधन के बाद मानों फिल्म जगत के एक युग का अंत हो गया है, जिसकी मिल का पत्थर दिलीप साहब थे। उनके निधन के बाद बड़ी फिल्मी हस्तियों उनके साथ अपनी पुरानी फोटो साझा करते हुए उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। जहां बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने कहा कि वह एक्टर नहीं बल्कि सिनेमा के संस्थान थे। वहीं दिलीप कुमार को भाई मानने वाली सिंगर लता मंगेशकर भी बहुत दुखी हैं।

अपने भाई के जाने से दुखी लता मंगेशकर
अपने भाई दिलीप कुमार के दुनिया से जाने से लता मंगेशकर बेहद दुख में हैं। उन्होंने ट्विटर के जरिए कुछ पुरानी तस्वीरों को साझा करते हुए दिलीप साहब को याद किया है। लता जी की ओर से तीन तस्वीरें शेयर की गईं है। पहली तस्वीरों में वो दिलीप कुमार को राखी बांधते हुईं नजर आ रही हैं। जो एक भाई-बहन के गहरे रिश्ते का प्रतीक हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में दिलीप साहब अपने बहन लता मंगेशकर को दुलार कर रहे हैं। वहीं तीसरी फोटो में कई पुरानी फोटो एक साथ लगाई गई है, जिसमें सायरा बानो भी दिखाईं दे रहीं हैं।

'यूसुफ भाई क्या गए, एक युग का अंत हो गया'
वहीं तस्वीरों से पहले लता जी ने दिलीप कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि यूसुफ भाई आज अपनी छोटी सी बहन को छोड़के चले गए.. यूसुफ भाई क्या गए, एक युग का अंत हो गया। मुझे कुछ सूझ नहीं रहा। मैं बहुत दुखी हूं, नि:शब्द हूं। कई बातें कई यादें हमें देके चले गए। उन्होंने आगे लिखा कि यूसुफ भाई पिछले कई सालों से बीमार थे, किसी को पहचान नहीं पाते थे। ऐसे वक्त सायरा भाभी ने सब छोड़कर उनकी दिन रात सेवा की है। उनके लिए दूसरा कुछ जीवन नहीं था। ऐसी औरत को मैं प्रणाम करती हूं और यूसुफ भाई कीं आत्मा को शान्ति मिले ये दुआ करती हूं।

धर्मेंद्र, अनिल कपूर और शाहरुख खान पहुंचे घर
इधर दिलीप कुमार के निधन की सूचना मिलते ही बॉलीवुड अभिनेताओं का उनके घर जाने का सिलसिला शुरू हो गया। दिलीप कुमार के घर पर अभिनेता धर्मेंद्र भी गए, जहां उन्होंने कहा कि मैंने आज अपने भाई को खो दिया है। मैं उनकी यादों को हमेशा मेरे दिल में रखूंगा। इसके अलावा एक्टर अनिल कपूर और शाहरुख खान भी सायरा बानो को ढांढस बंधाने पहुंचे। बॉलीवुड अभिनेता और राजनेता राज बब्बर ने कहा कि मुझे इस बात का गर्व है कि मैंने दिलीप साहब के साथ काम किया, उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत दुख है। फिल्म इंडस्ट्री ने बहुत बड़ा अदाकार, बहुत बड़ा टीचर, बहुत बड़ा प्रोफेसर खो दिया है।

अमिताभ बच्चन ने जताया दुख
वहीं अमिताभ बच्चन ने दिलीप कुमार के निधन पर दुख जताते हुए लिखा कि एक महायुग का पर्दा गिर गया, जो अब कभी नहीं खुलेगा। एक संस्था चली गई, जब कभी भी भारतीय सिनेमा का इतिहास लिखा जाएगा तो उसे दिलीप कुमार से पहले और दिलीप कुमार के बाद के तौर पर ही लिखा जाएगा। दिलीप साहब के परिवार को इस दुख को सहन की करने की ईश्वर ताकत दे, दिलीप साहब की आत्मा को शांति मिले, मेरी दुआएं उनके लिए, बहुत ज्यादा दुखी हूं।












Click it and Unblock the Notifications