फेमस बॉलीवुड एक्टर अमित मिस्त्री का निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर
मुंबई, अप्रैल 23: पिछले साल ऐसा लग रहा था जैसे बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री को किसी की नजर लग गई हो। एक के बाद एक दुखद खबर सामने आती गईं। लोगों को उम्मीद थी कि नया साल 2021 अच्छा जाएगा, लेकिन बीते साढ़े तीन महीने में ही कई बड़े सितारों का निधन हो गया। शुक्रवार को भी एक बुरी खबर आई, जहां पॉपुलर एक्टर अमित मिस्त्री को हार्ट अटैक आया और बाद में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
Recommended Video

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक अमित अपने अंधेरी (पश्चिम) के जुहू गल्ली में स्थित घर में थे। सुबह सब कुछ सही था, लेकिन करीब 9.30 से 10 के बीच उनकी तबीयत बिगड़ी। इस पर उनके घर वाले उनको अस्पताल लेकर जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उनकी मौत की वजह को कॉर्डियक अरेस्ट बताया है। करीबियों के मुताबिक अमित के साथ मुंबई में उनकी मां रहती थीं, जिनकी उम्र काफी ज्यादा है।

कई हिट फिल्मों में किया काम
निजी जिंदगी की बात करें तो अमित ने शादी तो की थी, लेकिन 10 साल पहले ही उनका तलाक हो चुका था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत गुजराती रंगमंच से की, लेकिन बहुत ही कम वक्त में बॉलीवुड में भी अपनी पहचान बना ली। वो 'क्या कहना', 'एक चालीस की लास्ट लोकल', '99', 'शोर इन द सिटी', 'यमला पगला दीवाना', 'जेंटलमैन' जैसी कई फिल्मों में नजर आए थे। हाल ही में उन्होंने 'बैंडिट बंदिश' नाम की वेब सीरीज में भी काम किया था।

'...वो एक बेहतरीन अभिनेता थे'
अमित के साथ काम कर चुके डायरेक्टर उमेश शुक्ला ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। एक न्यूज चैनल से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अमित बहुत ही विनम्र थे। इसके अलावा उनकी कलाकारी का हर कोई दिवाना था। मौजूदा वक्त में कोरोना महामारी से सभी परेशान हैं, इस गमगीन माहौल में एक बेहतरीन सितारा हमारे बीच से चला गया। वहीं तारक मेहता का उल्टा चश्मा के एक्टर दिलीप जोशी ने ट्वीट कर लिखा कि ये खबर अविश्वसनीय है। अमित मिस्त्री इस दुनिया में नहीं रहे। मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications