रिया की गिरफ्तारी को लेकर बॉलीवुड में दो फाड़, किसी ने की तारीफ तो कहीं दिखा गुस्सा
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में आरोपी अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि ये गिरफ्तारी मौत के मामले की वजह से नहीं बल्कि ड्रग कनेक्शन के मामले में हुई है। रिया चक्रवर्ती पर ड्रग लेने और खरीदने संबंधी समेत कई आरोप लगे थे जिसकी जांच एनसीबी कर रही थी। इसी मामले में आज मंगलवार को एनसीबी ने रिया को गिरफ्तार किया। इसके पहले रिया के भाई शौविक को भी इसी मामले में एनसीबी गिरफ्तार कर चुकी है।

अंकिता लोखंडे ने लिखा 'यही कर्म है'
रिया चक्रवर्ती की गिरफ्तारी होते ही सोशल मीडिया में ये मुद्दा फिर से ट्रेंड करने लगा है। सिर्फ सुशांत के फैन ही नहीं बल्कि बॉलीवुड भी इस मुद्दे पर खुलकर बोल रहा है। रिया की गिरफ्तारी के बाद सुशांत की पूर्व पार्टनर अंकिता लोखंडे ने न्याय लिखकर एक तस्वीर ट्वीट की है जिसमें लिखा है कि कुछ भी चांस या भाग्य से नहीं होता है। आप अपने काम से अपना भाग्य खुद लिखते हैं। इसे कर्म कहते हैं। अंकिता सुशांत की मौत के बाद से ही सुशांत को न्याय दिलाने के लिए एक्टिव रहती हैं।

शेखर सुमन ने कहा बड़ी जीत
अभिनेता शेखर सुमन ने इसे बड़ी जीत बताया है। उन्होंने इस बारे में ट्वीट कर लिखा है। ट्वीट में शेखर ने लिखा है कि 'बड़ी जीत। उसके घर देर है अंधेर नहीं। उम्मीद करता हूं कि यहां से अब रास्ता साफ-साफ नजर आएगा। आप सबकी मेहनत रंग लाई है।' आगे उन्होंने लिखा है कि 'जैसी करनी वैसी भरनी।' इसके साथ ही शेखर सुमन ने हैशटैग लगाया है जीत यहां से शुरू होती है। #VictoryStartsHere

तापसी पन्नू ने लिखा, 'ये सुशांत का केस नहीं है'
वहीं बॉलीवुड में कुछ लोग रिया की गिरफ्तारी के खिलाफ भी लिख रहे हैं। इनमें अभिनेत्री तापसी पन्नू भी हैं। उन्होंने लिखा कि ये वो केस नहीं है। न तो वो पैसा बना रही थी न ही वो हत्यारी थी। वो बस ड्रग ले रही थी और पहुंचा रही थी। तो ये जिसका भी था उसे मुबारक हो। क्योंकि सुशांत को तो नहीं लेकिन उन लोगों को पक्का न्याया मिल गया। मुबारक हो।
थोड़ी ही देर बाद अगला ट्वीट किया कि वो ड्रग ले नहीं रही थी। वो सुशांत के लिए खरीद रही थी। इस मामले में वो अगर जिंदा होता तो वो भी सलाखों के पीछे होता। अरे नहीं, वो तो सुशांत को जबरदस्ती ड्रग दे रही थी।

कुबरा सैत भी रिया के समर्थन में
अभिनेत्री कुब्रा सैत ने ट्वीट किया कि ईश्वर रिया के माता पिता को इस बुरे समय में ताकत दें। वो एनसीबी के द्वारा गिरफ्तार हुई है। मर्डर के लिए नहीं। मीडिया सर्कस, मैं आपकी शाम की चाय की चर्चा के बारे में सोच रही हूं।
इसके पहले सुशांत की बहन श्वेता सिंह ने रिया की गिरफ्तारी पर लिखा था कि भगवान उनके साथ है। बता दें कि इसके पहले एनसीबी ने रिया के भाई शौविक चक्रवर्ती और सुशांत के हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा को गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications