पटना में अकेले रहते हैं सुशांत सिंह राजपूत के पिता, 3 दिन पहले आखिरी बार फोन कर कही थीं ये बातें
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अब इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। उनके निधन की खबर से हर कोई दुखी है। टीवी सीरियल्स से लोगों के दिलों में जगह बनाने के बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया में भी कई मुकाम हासिल किए। 34 वर्षीय सुशांत सिंह राजपूत का शव रविवार को उनके घर पर मिला था। वह मुंबई के बांद्रा इलाके में किराए के फ्लैट में रहते थे, यहीं उन्होंने आत्महत्या की है। बताया जा रहा है कि वह बीते छह महीने से डिप्रेशन में थे। सुशांत ने तीन दिन पहले अपने पिता को भी फोन किया था।

केयर टेकर से भी की थी बात
सुशांत के पिता कृष्ण कुमार सिंह बिहार के पटना स्थित अपने घर में अकेले रहते हैं। उनकी और घर की देखभाल करने वाली केयर टेकर लक्ष्मी देवी ने बताया कि सुशांत ने उनसे कहा था कि कोरोना वायरस से मेरे पिता को बचाकर रखिएगा। सुशांत करीब हर रोज अपने पिता से बात करते थे लेकिन ये किसी को नहीं पता था कि ये उनका आखिरी फोन होगा। रविवार को जब सुशांत के पिता केके सिंह लंच के लिए बैठे तभी उन्हें मुंबई से फोन आया। उन्हें लगा होगा कि ये उनके बेटे का फोन है। लेकिन ये फोन मुंबई पुलिस ने किया था, जिसमें उन्हें बताया गया कि सुशांत मुंबई स्थित अपने घर में मृत मिले हैं।
Recommended Video

बड़ी संख्या में सुशांत के घर पहुंचे लोग
परिवार के एक सदस्य का कहना है कि फोन सुनने के बाद सुशांत के पिता बेहोश हो गए। सुशांत के पिता काफी परेशान थे और पड़ोसी उन्हें संतावना दे रहे थे। वह इस खबर को सुनने के बाद सदमे में थे। सुशांत ने अपना बचपन पटना में ही बिताया था। सुशांत के निधन की खबर सुन भाजपा विधायक संजीव चौरसिया समेत बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे। चौरसिया ने कहा, 'ये बहुत बड़ा नुकसान है। वो काफी प्रतिभाशाली अभिनेता थे। वो बिहार का गौरव थे। मैं केंद्र से आग्रह करूंगा कि वह इस मौत की परिस्थितियों की जांच करें।'

पिता से सेहत के बारे में पूछा
परिवार के एक सदस्य ने कहा कि सुशांत का तीन दिन पहले फोन आया था। उन्होंने अपने पिता से बात की और उनकी सेहत के बारे में पूछा। साथ ही कोरोना वायरस महामारी से बचने के लिए घर से ना निकलने की सलाह दी थी। सुशांत बांद्रा (वेस्ट) में छठी मंजिल पर रहा करते थे। उनके घर से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। सुशांत की टीम ने एक मैसेज शेयर कर कहा, 'हमें ये कहते हुए दुख हो रहा है कि सुशांत सिंह राजपूत अब हमारे साथ नहीं हैं। हम उनके फैंस से आग्रह करते हैं कि सुशांत को अपने विचारों में रखिए, उनके काम और जीवन को सेलिब्रिटे करिए। हम मीडिया से भी प्रार्थना करते हैं कि इस दुख की घड़ी में प्राइवेसी को बनाए रखने में हमारी मदद कीजिए।'

एक बार फिर उठा डिप्रेशन का मुद्दा
सोशल मीडिया पर बॉलीवुड सेलेब्स सुशांत को याद कर रहे हैं और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट कर रहे हैं। सुशांत के निधन के बाद से एक बार फिर डिप्रेशन को लेकर सेलेब्स अपनी राय रख रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में अपने दोस्तों और परिवार से बात करें। वहीं उनके परिवार का ये भी कहना है कि सुशांत के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, ऐसे में इस मामले की जांच होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications