ओडिशा में BJP अकेली ही लड़ेगी लोकसभा-विधानसभा चुनाव, क्या CM नवीन पटनायक संग नहीं बनी बात?
ओडिशा में लोकसभा चुनाव बीजेपी अकेले लड़ेगी। बीजेपी के राज्य पार्टी अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा है कि पार्टी ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा की सभी 21 और विधानसभा की सभी 147 सीटों पर वे अकेले चुनाव लड़ेंगे।
आपको बता दें कुछ समय से बीजेपी और बीजू जनता दल के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही थी। लेकिन आज बीजेपी के ऐलान के बाद लगता है कि दोनों दलों के बीच गठबंधन पर बात नहीं बनी है।

मनमोहन सामल ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "4.5 करोड़ ओडिशावासियों की आशा, अभिलाषा और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत तथा विकसित ओडिशा बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी इस बार लोकसभा की सभी 21 सीटों और विधानसभा की सभी 147 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।"
इसी पोस्ट में उन्होंने ये भी लिखा है कि, "विगत 10 वर्षों से, नवीन पटनायक के नेतृत्व में ओडिशा की बीजू जनता दल (बीजेडी) केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के अनेक राष्ट्रीय महत्व के प्रसंगों में समर्थन देती आई है, इसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं।
आपको बता दें कि बीजू जनता दल ओडिशा में भीजेपी की सहयोगी रह चुकी है। साल 2009 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजू जनता दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था। इसके बाद बीजेपी ने प्रदेश में कांग्रेस की जगह ले ली और विपक्ष की भूमिका निभाने लगी।
2019 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपने दम पर ओडिशा की कुल 21 में से 8 सीटें जीती थीं। बीजेडी को 12 सीटों पर जीत मिली थी। एक सीट कांग्रेस के खाते में गई थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 38.4 प्रतिशत वोट मिले थे और 12 सीटें जीतने वाली बीजेडी 42.8 प्रतिशत वोट मिले थे।












Click it and Unblock the Notifications