Telangana Election:बीजेपी ने जारी की 35 उम्मीदवारों की एक और लिस्ट, जानें किसे कहां से मिला टिकट
Telangana Assembly Election 2023: दिल्ली में गुरुवार देर रात तक बीजेपी ऑफिस में चले तेलंगाना चुनाव पर मंथन के बाद अब पार्टी ने अपनी एक और उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी ने विधानसभा चुनावों के लिए और 35 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है।
इससे पहले बीजेपी दो लिस्ट जारी कर चुकी है। वहीं तीसरी लिस्ट को गुरुवार (2 नवंबर) को जारी की गई। पहली लिस्ट में 52 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई थी, जबकि दूसरी लिस्ट में सिर्फ एक नाम का ऐलान किया गया था। वहीं अब 35 लोगों के टिकट फाइनल किए हैं।

उप्पल से चुनाव लड़ेंगे पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष
तेलंगाना चुनावों में अपना पूरा दमखम झोंक रही बीजेपी ने अपनी तीसरी लिस्ट में मेडक से पंजा विजय कुमार को अपना कैंडिडेट बनाया है। वहीं उप्पल सीट से पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष एवीएसएस परबखर को मैदान में उतारा है। एवीएसएस 2014 से 2018 तक इसी सीट से विधायक रह चुके हैं।
अजहरुद्दीन से दीपक रेड्डी का मुकाबला
बीजेपी ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य पूसा राजू को पार्टी ने मुर्शिदाबाद सीट से उतारा है। वहीं जुबली हिल्स से टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद अजहरुद्दीन के सामने बीजेपी ने लंकाला दीपक रेड्डी को अपना चेहरा बनाया है।
ऐसे ही नारायणपेट से आर पांडु रेड्डी, नालगोंडा से एम श्रीनिवास गौड, अंबरपेट से कृष्णा यादव, परकल से पी काली प्रसाद राव और शादनगर से आंदे बबीहा को पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
अब तक 88 प्रत्याशियों का ऐलान
बीजेपी ने कुल 119 सीटों में से अब तक 88 उम्मीदवारों का ऐलान किया है। पहली लिस्ट में 52 उम्मीदवार, दूसरी लिस्ट में सिर्फ एक और तीसरी लिस्ट में 35 प्रत्याशियों की घोषणा की है। बता दें कि तेलंगाना का चुनाव इस बार काफी दिलचस्प दिखाई दे रहा है। राज्य में बीआरएस, बीजेपी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। राज्य में 30 नवंबर को वोटिंग होगी, जिसके नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे












Click it and Unblock the Notifications