BJP New President: दिल्ली से नागपुर तक नए भाजपा अध्यक्ष की चर्चा, PM मोदी-संघ प्रमुख लगाएंगे मुहर?ये 5 नाम आगे
BJP New President: भारतीय जनता पार्टी (BJP) में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं जोरों पर हैं। 30 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत की नागपुर में होने वाली मुलाकात इस चर्चा को और हवा दे रही है।
यह मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि यह 22 जनवरी,2024 को अयोध्या में भगवान राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद दोनों नेताओं की पहली सार्वजनिक भेंट होगी और ये लोग मंच साझा करेंगे।

BJP New Adhyaksh: RSS की सहमति से तय होगा बीजेपी का नया अध्यक्ष?
2024 के लोकसभा चुनावों के बाद यह पहला मौका होगा जब पीएम मोदी और संघ प्रमुख आमने-सामने बातचीत करेंगे। लोकसभा चुनावों में अपेक्षा से कम सीटें आने और फिर हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में संघ के सहयोग से अप्रत्याशित सफलता के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि बीजेपी अपने अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव संघ की सहमति से ही करेगी। ऐसे में पीएम मोदी और मोहन भागवत की इस मुलाकात की अहमियत काफी बढ़ गई है।
बीजेपी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक 18 अप्रैल को बेंगलुरु में होने जा रही है, जिसमें नए अध्यक्ष के नाम पर औपचारिक मुहर लग सकती है। इससे पहले मोदी और भागवत की आमने-सामने की बैठक 10 मई 2014 को हुई थी, जब मोदी प्रधानमंत्री बने भी नहीं थे। उसके कुछ ही दिनों बाद केंद्र में बीजेपी की पूर्ण बहुमत वाली पहली सरकार बनी थी।
BJP New President: बीजेपी के नए अध्यक्ष के तौर पर 5 संभावित नामों पर चर्चा!
सोमवार को ही में संसद भवन में केंद्रीय मंत्रियों की एक बैठक ने इस अटकल को और तेज कर दिया कि अगला बीजेपी अध्यक्ष कौन होगा। इस बैठक में वे सभी नाम शामिल थे, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए संभावित चेहरे माने जा रहे हैं।
इनमें धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव, किशन रेड्डी और प्रह्लाद जोशी प्रमुख रूप से शामिल थे। यह बैठक केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के चैंबर में हुई और उन्हें भी एक संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है। वैसे इन मंत्रियों के अलावा बैठक में पीयूष गोयल और एल मुरुगन भी उपस्थित थे, लेकिन वे इस दौड़ में शामिल नहीं माने जा रहे हैं।
1. धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan):
वर्तमान में केंद्रीय शिक्षा मंत्री और भाजपा के एक अनुभवी संगठनकर्ता हैं।
ओडिशा से आते हैं, जहां बीजेपी अपनी पकड़ और भी ज्यादा मजबूत करना चाहती है।
मोदी और शाह की टीम के भरोसेमंद सदस्य।
2. भूपेंद्र यादव (Bhupender Yadav):
केंद्र में पर्यावरण,वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं।
पार्टी के रणनीतिकारों में से एक।
राजस्थान से हैं, जहां पार्टी को मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है।
3. जी किशन रेड्डी (G Kishan Reddy):
केंद्रीय कोयला और खनन मंत्री हैं।
तेलंगाना बीजेपी के अध्यक्ष हैं, जहां बीजेपी लगातार अपनी स्थिति मजबूत करने में लगी हुई है।
दक्षिण भारत में बीजेपी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
4.प्रह्लाद जोशी(Pralhad Joshi):
केंद्र में उपभोक्ता मामले, खाद्य और जन वितरण एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री।
कर्नाटक से आते हैं, जहां 2023 में बीजेपी चुनाव हार चुकी है। लेकिन, लोकसभा चुनावों में पार्टी ने अपनी स्थिति फिर से मजबूत की। अब 2028 के चुनावों का लक्ष्य है।
अनुभवी और आरसएस से गहरे जुड़े हुए नेता हैं।
5 मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar):
केंद्रीय मंत्री- आवास और शहरी मामलों, ऊर्जा
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
आरएसएस के 14 साल तक पूर्णकालिक प्रचारक रहे हैं। पीएम मोदी से प्रचारक वाले दिनों की दोस्ती है।
BJP President: संघ और संगठन के बीच संतुलन की जरूरत
बीजेपी का नेतृत्व हमेशा संघ के मार्गदर्शन में चलता आया है। हालांकि, हाल के वर्षों में संगठनात्मक निर्णयों में प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका प्रमुख रही है। इस बार नए अध्यक्ष की नियुक्ति में संघ और मोदी-शाह की जोड़ी के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती होगी।
विश्लेषकों के अनुसार संघ ऐसा अध्यक्ष चाहेगा, जो जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से जुड़ा हो और पार्टी की विचारधारा को मजबूती से आगे ले जाए। वहीं, मोदी और शाह को ऐसा नेता चाहिए, जो 2029 के लोकसभा चुनाव तक पार्टी को नई ऊर्जा दे सके।
BJP New President: नागपुर बैठक से क्या संकेत मिलेंगे?
30 मार्च की बैठक में पीएम मोदी और संघ प्रमुख भागवत के बीच इस विषय पर गहन चर्चा हो सकती है। हालांकि, बीजेपी के अध्यक्ष का चुनाव औपचारिक रूप से पार्टी ही करेगी, लेकिन संघ की सहमति के बिना यह फैसला मुश्किल होगा।












Click it and Unblock the Notifications