33% महिला, युवाओं को मौका! नितिन नवीन की नई BJP टीम में दिखेंगे बड़े बदलाव, आज हो सकता है ऐलान
Nitin Nabin New Team: भारतीय जनता पार्टी के संगठन में बड़े बदलाव की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। खबर है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम को अंतिम रूप दे दिया है और आज इसका ऐलान हो सकता है। जनवरी में अध्यक्ष बनने के बाद से ही उनकी टीम के गठन का इंतजार किया जा रहा था।
नई टीम में युवाओं और अनुभवी नेताओं को जगह देने के साथ क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरण साधने पर भी फोकस रहेगा। खास बात यह है कि बीजेपी के संशोधित संविधान के तहत राष्ट्रीय पदाधिकारियों में 33 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस टीम को काफी अहम माना जा रहा है।

13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 9 महामंत्री की हो सकती है नियुक्ति
नितिन नवीन की नई टीम में अधिकतम 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 9 राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जा सकते हैं। इनमें एक महामंत्री संगठन का पद भी शामिल होगा। इसके अलावा 15 राष्ट्रीय सचिव और एक राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की नियुक्ति होनी है। संगठन में नए चेहरों के साथ अनुभवी नेताओं को भी जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। माना जा रहा है कि नई टीम के जरिए पार्टी अलग-अलग राज्यों में अपने संगठन को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।
ये भी पढ़ें: Video: सोनिया गांधी ने कार्यकर्ताओं को वंदे मातरम गाने से रोका? BJP के आरोप पर कांग्रेस ने बताया 'सच'
33 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित
बीजेपी के संविधान में किए गए संशोधन के मुताबिक राष्ट्रीय संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई गई है। कुल 38 राष्ट्रीय पदाधिकारियों में कम से कम 33 फीसदी यानी करीब 13 पद महिलाओं के लिए होना जरूरी है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग से भी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। दोनों वर्गों में से कम से कम तीन-तीन पदाधिकारी रखने का प्रावधान है। ऐसे में नई टीम में सामाजिक संतुलन पर खास नजर रहेगी।
पार्लियामेंट्री बोर्ड में भी होगा बड़ा बदलाव
राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बीजेपी की सबसे अहम संस्था पार्लियामेंट्री बोर्ड का भी पुनर्गठन किया जाएगा। पार्टी के संविधान के मुताबिक इसमें अध्यक्ष समेत अधिकतम 11 सदस्य हो सकते हैं, हालांकि फिलहाल इसकी संख्या 12 है। ऐसे में नए सिरे से संतुलन बैठाने की कोशिश होगी। क्षेत्रीय, सामाजिक और धार्मिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को जगह मिल सकती है। इसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति का भी गठन किया जाएगा।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 120 सदस्य हो सकते हैं
नितिन नवीन राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन करेंगे। पार्टी की इस मुख्य कार्यकारी संस्था में अध्यक्ष के अलावा अधिकतम 120 सदस्य हो सकते हैं। नियमों के मुताबिक इसमें कम से कम 40 महिलाएं और 12 एससी-एसटी वर्ग के सदस्य होने जरूरी हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष जरूरत के मुताबिक विशेष आमंत्रित और स्थायी आमंत्रित सदस्यों को भी शामिल कर सकते हैं। इस कार्यकारिणी में भी क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: BJP का 50 हजार का कथित दांव vs अखिलेश का 40 हजार का वादा, UP चुनाव में महिलाएं बनेंगी 'किंगमेकर'?
विधानसभा चुनावों पर नजर, युवाओं को भी मौका
बीजेपी की नई टीम का गठन ऐसे समय हो रहा है जब पार्टी कई राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी है। ऐसे में संगठन में होने वाली नियुक्तियों में चुनावी समीकरणों का असर दिख सकता है। युवाओं को आगे बढ़ाने के साथ अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने की तैयारी है। अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देकर पार्टी संगठन को चुनावी लिहाज से और मजबूत करने की कोशिश कर सकती है।


Click it and Unblock the Notifications
