भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मोदी से भी ज्यादा छाए योगी! जनता ने कहा- उन्हें ईश्वर ने भेजा
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सीएम आदित्यनाथ योगी छाए हुए हैं।
भुवनेश्वर। उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में सरकार के बनाने के बाद भारतीय जनता पार्टी का उत्साह सातवें आसमान पर है। इसी उत्साह को और राज्यों तक फैलाने और 2019 तक जारी रखने के लिए भाजपा करीब 20 साल बाद ओडिशा में शनिवार से दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरु करेगी।

पीएम मोदी करेंगे रोड शो
अब भाजपा की नजर देश के पूर्वी हिस्से साथ-साथ तटीय इलाकों पर है, जहां वो बाकी राज्यों की तरह मजबूत नहीं है। कार्यकरिणी की इस बैठक में पार्टी का मुख्य एजेंडा है पार्टी का विस्तार। इतना ही नहीं इस बैठक में हाल ही में जिन चार राज्यों में भाजपा की सरकार बनी है, वहां के मुख्यमंत्रियों को सम्मानित भी किया जाएगा। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हवाई अड्डे से बैठक स्थल जनता मैदान तक रोड शो करेंगे।

लेकिन यह नाम मोदी से भी ज्यादा छाया
इन सब के बीच राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में एक नाम छाया हुआ है। इस नाम का जप, पीएम मोदी के नाम से भी ज्यादा किया जा रहा है। वो नाम है गोरक्षपीठाधीश्वर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी का। भाजपा की हाइरार्की में सीएम योगी का आगे बढ़ना यहां भी देखा जा सकता है।

हॉल में योगी की भी तस्वीर
बैठक स्थल के एक मंच पर जहां पूर्व प्रधानमंत्री और पार्टी के अध्यक्ष रहे अटल बिहारी बाजपेयी, वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, मौजूदा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कका पोस्टर लगा है, तो वहीं हॉल के अपोजिट साइड में एक तस्वीर सीएम योगी की भी लगी है, जो उनके शपथ ग्रहण समारोह की है, जिसमें वो तमाम नेताओं से घिरे हुए हैं।

जनता भी कर रही योगी की बात
जबकि बैठक स्थल जनता मैदान के बाहर सभी 13 मुख्यमंत्रियों की तस्वीर लगी है, लेकिन हॉल में सिर्फ योगी की ही तस्वीर लगी है। यह बात दीगर है कि बीती राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में योगी को जब बोलने का मौका नहीं मिला था तो वो आक्रोश में वहां से वापस चले गए थे। इतना ही नहीं सिर्फ पार्टी नेता या पदाधिकारी ही योगी की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि स्थानीय लोग भी योगी के बारे में जानने को उत्सुक हैं।

योगी के भाषण का इंतजार
भुवनेश्वर निवासी 47 वर्षीय आचार्य ने कहा कि हम उन्हें देखने के लिए इंतजार कर रहे हैं। भगवान ने उन्हें देश की सेवा करने के लिए भेजा है। राज्य के पुरी में टैक्सी ड्राइवर में टुक्कु का कहना है कि योगी का सरकार चलाने का तरीका बिल्कुल पीएम मोदी की कॉपी है। हमें ऐसे ही नेता की जरूरत है। हालांकि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की इस बैठक में 300 नेता हिस्सा लेंगे। इस बैठक में पीएम मोदी तो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे ही लेकिन तमाम पार्टी नेताओं को कार्यकारिणी में यूपी के सीएम योगी के भाषण का इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications